राकेश कथूरिया, कैथल। नगर आयुक्त कपिल शर्मा ने कहा कि शिवरात्रि पर्व के अवसर पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। साथ ही समाजसेवी संस्थाएं भी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कांवड़ियों की सेवा करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

नगर आयुक्त मंगलवार को अपने कार्यालय में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

स्वास्थ्य विभाग को मोबाइल हेल्थ वैन उपलब्ध कराने के निर्देश

नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित किए जाने वाले प्रमुख कांवड़ सेवा शिविरों पर मोबाइल स्वास्थ्य वैन उपलब्ध कराई जाए। इससे जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष जोर

पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि कुरुक्षेत्र रोड सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और जाम की स्थिति न बनने दी जाए। विशेष रूप से डाक कांवड़ के आवागमन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। साथ ही असामाजिक और नशाखोर तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

नगर आयुक्त कपिल शर्मा ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को कांवड़ सेवा शिविरों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर परिषद अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं बिजली निगम के अधिकारियों को शिविरों में बिजली कनेक्शन और विद्युत सुरक्षा की समय पर जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

रेडक्रॉस स्वयंसेवक देंगे श्रद्धालुओं को सहायता

रेडक्रॉस सोसायटी के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ सेवा शिविरों में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करें। ये स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता और जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

समाजसेवी संस्थाओं से लिए गए सुझाव

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए। समाजसेवी प्रयागराज बालू, राजू डोहर सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सुरक्षा, पेयजल, बिजली और यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने संबंधी सुझाव दिए।

जीवन रक्षक दल देगा मुफ्त पंचर मरम्मत सेवा

बैठक में जीवन रक्षक दल की ओर से जानकारी दी गई कि कांवड़ियों के वाहनों के लिए नि:शुल्क पंचर मरम्मत सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालु दल के सदस्य सोनू वर्मा से मोबाइल नंबर 8685090000 पर संपर्क कर सकते हैं।

ढांड-कलायत मार्ग पर मिलेगी मुफ्त एंबुलेंस सेवा

समाजसेवी जितेंद्र कुमार ने 11 अगस्त तक ढांड से कलायत मार्ग पर आवश्यकता पड़ने पर नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की। जरूरतमंद श्रद्धालु उनसे मोबाइल नंबर 9416570001 पर संपर्क कर सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m