फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। धौज इलाके में बुधवार दोपहर एक आरोपी ने पुलिस को मुखबिरी करने के शक में एक युवक पर अपनी तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस खौफनाक घटना का 17 सेकेंड का एक वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी एक युवक को कुचलने के लिए उसके पीछे तेज रफ्तार में दौड़ रही है।

पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ था आरोपी

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2 बजे यमुनानगर पुलिस की अपराध जांच शाखा यानी सीआईए की टीम चोरी के एक मामले में धौज निवासी आरोपी परवेज तालीम को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस टीम चोरी के एक अन्य आरोपी की निशानदेही पर यहां आई थी। जैसे ही परवेज को पुलिस के आने की भनक लगी, वह अपने एक साथी के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठकर मौके से भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

महिला से गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में मारपीट

पुलिस से बचकर भागने के बाद आरोपी सीधे धौज के पास सिरोही गांव पहुंचा। वह वहां शहनाज नाम की एक महिला के घर में घुस गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। यह झगड़ा घर से शुरू होकर पास के खेतों तक पहुंच गया, जहां दोनों तरफ से भारी भीड़ जमा हो गई।

मुखबिरी के शक में युवक को मारी टक्कर

झगड़े के दौरान आरोपी को शक हुआ कि नफीस नाम के युवक ने ही पुलिस को उसके आने की सूचना दी थी। इसी शक में उसने अपनी गाड़ी से पहले कई लोगों को डराने की कोशिश की और फिर जान बचाकर भाग रहे नफीस के पीछे गाड़ी दौड़ा दी। वीडियो में दिख रहा है कि नफीस अपनी जान बचाने के लिए घर की तरफ भाग रहा है और पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो उसे टक्कर मार देती है।

दीवार से टकराई गाड़ी, आरोपी फरार

गाड़ी की जोरदार टक्कर लगने से नफीस गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बेकाबू गाड़ी एक मकान की दीवार से जाकर टकरा गई। हादसा होते ही आरोपी और उसका साथी गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गए। इस घटना में नफीस के अलावा महिला के परिवार के कुछ और लोग भी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव है। स्थानीय पुलिस और यमुनानगर की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m