सोनीपत। गन्नौर क्षेत्र के बेगा गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आई 73 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की गई। इलाज के लिए ले जाते समय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव के सरपंच सुरेंद्र और संदीप के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पानी पीने गए बच्चों के बीच हुआ विवाद
शिकायतकर्ता चांदप्रकाश के मुताबिक, 16 अगस्त की शाम करीब 8 बजे उनके बच्चे गांव के पंचायती RO पर पानी पीने गए थे। वहां एक बच्चे के पेशाब करने को लेकर सरपंच के बेटे बंटी ने बच्चों को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद बच्चे रोते हुए घर लौट आए।
आरोप है कि बंटी भी उनके पीछे घर तक पहुंच गया और वहां हाथापाई करने लगा। परिजनों ने उसे समझाकर वापस भेजने की कोशिश की।
सरपंच पर उकसाने का आरोप
इसी दौरान संदीप नाम का युवक वहां पहुंच गया और विवाद करने लगा। कुछ देर बाद गांव के सरपंच सुरेंद्र भी मौके पर पहुंच गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरपंच ने संदीप को चांदप्रकाश के साथ मारपीट करने के लिए उकसाया।
इसके बाद संदीप ने चांदप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने चांदप्रकाश पर कई घूंसे मारे।
बेटे को बचाने पहुंची थी 73 वर्षीय मूर्ति देवी
चांदप्रकाश को पिटता देख उनकी 73 वर्षीय मां मूर्ति देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि इसी दौरान संदीप ने वृद्ध महिला की गर्दन और छाती पर कई मुक्के मारे।
मारपीट के बाद मूर्ति देवी की हालत बिगड़ गई। उनकी सांसें उखड़ने लगीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने सरपंच समेत दो के खिलाफ दर्ज किया केस
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सरपंच सुरेंद्र और संदीप के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

