सतीश सिंह, अयोध्या. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है. सीईओ पद के लिए देशभर से आए 5,585 आवेदनों की कई स्तरों पर पड़ताल के बाद अब 16 उम्मीदवारों का चयन अंतिम चरण के लिए किया गया है. इन उम्मीदवारों के साथ 11 और 12 अगस्त को अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र परिसर में आमने-सामने इंटरव्यू हुए.
सीईओ चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने बुधवार को दो दिवसीय अंतिम साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह जानकारी दी है. कमेटी अब अंतिम 16 उम्मीदवारों के मूल्यांकन के बाद तीन नामों का पैनल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को सौंपेगी. इसके बाद ट्रस्ट अंतिम सीईओ के नाम की घोषणा करेगा.
इसे भी पढ़ें : अहिल्याबाई होलकर के नाम पर सियासत तेज, BJP ने अखिलेश से पूछा- ‘लोकमाता से क्यों है द्वेष?’
सर्च कमेटी के मुताबिक सीईओ पद के लिए प्रारंभिक तौर पर 5,585 आवेदन प्राप्त हुए थे. इनमें से 3,877 आवेदनों के साथ विस्तृत सीवी मिले. उम्मीदवारों से बड़े आयोजनों के प्रबंधन, कार्मिक प्रबंधन, व्यक्तिगत उपलब्धियों, भाषा दक्षता, विजन और रणनीतिक योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी मांगी गई. पहले चरण की स्क्रीनिंग के बाद 1,580 उम्मीदवारों के आवेदन का विस्तृत मूल्यांकन किया गया. इनमें से करीब 111 उम्मीदवारों को ऑनलाइन इंटरैक्शन के लिए बुलाया गया. ऑनलाइन चरण में संवाद कौशल, पेशेवर अनुभव, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व, विजन और तकनीकी दक्षता को परखा गया. इसके बाद केवल 16 उम्मीदवारों को अयोध्या में आमने-सामने बातचीत के लिए चुना गया. ये उम्मीदवार रक्षा, ब्यूरोक्रेसी, कॉरपोरेट, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनुभवी पेशेवर हैं. अंतिम उम्मीदवारों की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच बताई गई है.
पूर्व न्यायाधीश, सेना अधिकारी और परमाणु वैज्ञानिक वाली कमेटी
CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) वीके चतुर्वेदी, PVSM, AVSM, SM (Veteran) और परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावरे शामिल हैं. कमेटी में न्यायपालिका, रक्षा, प्रशासन और विज्ञान क्षेत्र का अनुभव रखने वाले सदस्य हैं. कमेटी ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया को मेरिट आधारित, पारदर्शी और बहुस्तरीय रखा गया है. अब अंतिम 16 उम्मीदवारों के मूल्यांकन के बाद तीन नामों का पैनल तैयार किया जाएगा. खास बात यह है कि सीईओ का चयन केवल प्रशासनिक अनुभव के आधार पर नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच, बड़े स्तर के आयोजनों के प्रबंधन, तकनीकी समझ और संस्थागत विजन जैसे मानकों पर किया जा रहा है.


