​Automobile Desk : वैश्विक बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के बाद वियतनाम की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट (VinFast) अब भारतीय टू-व्हीलर सेगमेंट में बड़ा धमाका करने की तैयारी कर रही है। चार-पहिया वाहनों के बाद कंपनी ने भारतीय बाजार के लिए अपने नए प्रीमियम इलेक्ट्रिक मैक्सी-स्कूटर ‘रैसाद’ (Rasad) के डिजाइन को पेटेंट कराया है। इस कदम से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि ब्रांड भारत के उभरते हुए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की रणनीति पर तेजी से काम कर रहा है।

​विनफास्ट का यह नया स्कूटर आम इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की तुलना में आकार में काफी बड़ा और स्पोर्टी लुक के साथ तैयार किया गया है। पेटेंट पेटेंटेड डिजाइन के मुताबिक, ‘रैसाद’ को एक प्रॉपर मैक्सी-स्कूटर की शैली में ढाला गया है, जिसमें शार्प और एंगुलर बॉडी लाइन्स देखने को मिलती हैं। स्कूटर के फ्रंट प्रोफाइल की बात करें तो इसमें कंपनी का सिग्नेचर V-शेप LED DRLs और पावरफुल LED हेडलैम्प सेट-अप दिया गया है। इसके अलावा, लंबी दूरी के सफर को आरामदायक बनाने के लिए इसमें एक बड़ी विंडस्क्रीन भी शामिल की गई है।

​डिजाइन और एर्गोनॉमिक्स के मामले में यह स्कूटर काफी प्रैक्टिकल नजर आता है। इसमें दी गई स्टेप्ड-स्टाइल सीट राइडर और पिलियन दोनों को बेहतरीन कुशनिंग और अलग-अलग बैठने की जगह देती है। फ्लैट फ्लोरबोर्ड के साथ-साथ इसमें स्प्लिट पिलियन ग्रैब रेल दी गई है, जो इसे प्रीमियम फील प्रदान करती है। राइड क्वालिटी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसके फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर में ट्विन शॉक एब्जॉर्बर सस्पेंशन सेट-अप दिया गया है। बेहतर ब्रेकिंग परफॉर्मेंस के लिए स्कूटर के दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक के साथ बड़े अलॉय व्हील्स और चौड़े टायर्स दिए गए हैं, जो इसे सड़क पर बेहतरीन ग्रिप और स्पोर्टी अपील देते हैं।

​पावरट्रेन और मैकेनिकल स्पेसिफिकेशन को लेकर फिलहाल कंपनी ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें सेंटर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की संभावना है। यह मोटर लगभग 7.1kW की पिक पावर जनरेट करने में सक्षम हो सकती है। अनुमान जताया जा रहा है कि यह मैक्सी-स्कूटर करीब 100 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड हासिल कर सकता है, जो इसे हाईवे और शहर दोनों जगह ड्राइविंग के लिए उपयुक्त बनाता है।
​गौरतलब है कि VinFast ने इससे पहले भारतीय बाजार के लिए ‘वाइपर’ (Viper) नाम से एक और इलेक्ट्रिक स्कूटर और ‘सुलैद’ (Sulad) कॉन्सेप्ट पर आधारित इलेक्ट्रिक बाइक का डिजाइन पेटेंट कराया था। कंपनी की पूर्व योजनाओं के अनुसार, वह साल 2026 तक भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में कदम रखने की तैयारी में है। हालांकि, केवल डिजाइन पेटेंट होना इस बात की शत-प्रतिशत गारंटी नहीं देता कि इसे तुरंत बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च तिथि, कीमत और भारतीय बाजार के अनुसार स्पेसिफिकेशन की पुष्टि नहीं की है। यदि यह मॉडल भारतीय सड़कों पर उतरता है, तो इसका सीधा मुकाबला देश में मौजूद अन्य प्रीमियम और हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटरों से होगा।