PBKS vs DC IPL 2026: आईपीएल के 55वें मुकाबले में आज पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) आमने-सामने होंगे। सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करते हुए अजेय रही पंजाब किंग्स अब लगातार तीन हार के बाद दबाव में है और वापसी की तलाश में उतरेगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति और भी खराब है। टीम पिछले छह मैचों में से पांच हार चुकी है और प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। फिलहाल दिल्ली पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर संघर्ष कर रही है।

मौजूदा सीजन में दोनों टीमों के बीच यह दूसरी भिड़ंत होगी। पिछले मुकाबले में PBKS ने DC के खिलाफ 265 रनों के विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा कर इतिहास रच दिया, जो न केवल IPL इतिहास का, बल्कि टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज है।
बता दें कि पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच यह मुकाबला धर्मशाला के HPCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
धर्मशाला के HPCA स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में 2023 की शुरुआत से खेले गए IPL मैचों के आंकड़े बताते हैं कि यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों का दबदबा रहा है। पिछले पांच मुकाबलों में से चार में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जिससे साफ है कि टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना आसान फैसला नहीं होता। हालांकि हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन मैच पर इसका कोई बड़ा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। शाम के समय तापमान लगभग 14°C के आसपास रहेगा। इस मैदान की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रहती है, लेकिन बादलों की मौजूदगी में तेज गेंदबाजों को भी स्विंग और मूवमेंट का फायदा मिल सकता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करती है।
धर्मशाला में IPL रिकॉर्ड

आंकड़ों की बात करें तो धर्मशाला में अब तक कुल 14 IPL मैच खेले गए हैं, जिनमें 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है (64.29%), जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम 5 बार (35.71%) जीती है। टॉस जीतकर मैच जीतने का प्रतिशत 42.86% है, जबकि टॉस हारकर जीतने का आंकड़ा 57.14% रहा है। यहां का सर्वाधिक स्कोर 241/7 और न्यूनतम स्कोर 116 रहा है। चेज करते हुए सर्वाधिक स्कोर 178/5 है। औसत रन प्रति विकेट 28.02, औसत रन प्रति ओवर 8.89 और पहले बल्लेबाजी का औसत स्कोर 187.50 दर्ज किया गया है।
‘स्टार्क के अनुभव का मिलेगा फायदा’

दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच इयान बेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें धर्मशाला की परिस्थितियां पसंद हैं और यहां का मौसम काफी अच्छा है। उन्होंने बताया कि आईपीएल में दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ी खेलते हैं और टीम अब अपने बचे हुए तीन मुकाबलों पर पूरा फोकस करना चाहेगी।
इयान बेल ने कहा कि मिचेल स्टार्क जैसे अनुभवी गेंदबाज का इस मैदान पर खेलना टीम के लिए बड़ा फायदा होगा। उनके अनुभव से दिल्ली कैपिटल्स को मदद मिल सकती है। इसके अलावा उन्होंने केएल राहुल की भी तारीफ करते हुए कहा कि वह हर परिस्थिति में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और एक क्लास खिलाड़ी हैं। बेल ने माना कि आईपीएल और इंटरनेशनल लेवल पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी होता है। उनके अनुसार यहां लक्ष्य का पीछा करना बेहतर विकल्प हो सकता है, लेकिन टीम सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर मैदान में उतरेगी। उन्होंने यह भी कहा कि धर्मशाला की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रहती है, जिससे स्टार्क सहित दिल्ली के तेज गेंदबाजों को फायदा मिल सकता है।
पंजाब की नजर हार का सिलसिला तोड़ने पर

दूसरी ओर पंजाब किंग्स लगातार हार के सिलसिले को तोड़कर वापसी करना चाहेगी और टॉप पोजीशन की ओर बढ़ने का लक्ष्य रखेगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की रेस के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। दिल्ली ने अभ्यास सत्र में जमकर मेहनत की है, वहीं पंजाब किंग्स के गेंदबाजी कोच जेम्स होप ने धर्मशाला की परिस्थितियों पर बात करते हुए कहा कि यहां का हाई एल्टीट्यूड खेल को दिलचस्प बनाता है।
उन्होंने कहा कि मैच में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं और पूरे टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं। धर्मशाला एक हाई स्कोरिंग मैदान रहा है, जहां बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए चुनौती रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह दुनिया के सबसे खूबसूरत मैदानों में से एक है। जेम्स होप ने आगे कहा कि विकेट को देखकर ही प्लेइंग इलेवन तय की जाएगी, क्योंकि टीम के पास कई विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि धर्मशाला पंजाब किंग्स का दूसरा होम ग्राउंड भी है, ऐसे में जब टीम यहां खेलती है तो दर्शकों का समर्थन उन्हें मिलता है, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है। टीम ने इस मैच के लिए जमकर तैयारी की है और पंजाब किंग्स जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी।
PBKS बनाम DC हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हमेशा कांटे की टक्कर रही है। आईपीएल के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 36 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से PBKS ने 18 और DC ने 16 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा, जिसे पंजाब ने सुपर ओवर में जीता।
PBKS और DC की प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स (PBKS)
प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, शशांक सिंह, मार्को यानसन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
इम्पैक्ट प्लेयर: विजयकुमार वैशाख
दिल्ली कैपिटल्स (DC)
पाथुम निसांका, केएल राहुल, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी
इम्पैक्ट प्लेयर: मुकेश कुमार
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनल्स पर देख सकते हैं। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
