भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अब अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को इसका उद्घाटन किया। यह भुवनेश्वर एयरपोर्ट से चलने वाली चौथी इंटरनेशनल फ्लाइट है। इससे पहले यहां से दुबई, सिंगापुर और बैंकॉक के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री माझी ने बताया कि इंडिगो का एक विमान 180 यात्रियों को लेकर भुवनेश्वर से संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी के लिए रवाना हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा 50 टन आम भी अबू धाबी भेजे गए हैं जिनका उत्पादन ओडिशा में हुआ है। यह फ्लाइट सर्विस ओडिशा की ‘बिल्डिंग मैनेजमेंट ऑफ एविएशन एसेट्स एंड नेटवर्क (बी-एमएएएन)’ पहल के तहत शुरू की गई है।
अबू धाबी के लिए फ्लाइट टाइम और चार्जेज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडिगो एयरलाइंस की यह फ्लाइट हफ्ते में तीन दिन-बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। भुवनेश्वर से फ्लाइट सुबह 9:35 बजे उड़ेगी और अबू धाबी में 12:35 बजे (स्थानीय समय अनुसार) पहुंचेगी। वापसी की फ्लाइट अबू धाबी से रात 2:35 बजे चलेगी और सुबह 8:35 बजे भुवनेश्वर पहुंचेगी। शुरुआती टिकट दरें भी काफी किफायती रखी गई हैं, एक तरफ का किराया ₹12,685 और रिटर्न टिकट ₹16,132 में मिलेगा।
राज्य के लिए गर्व की बात : माझी
हवाई अड्डे पर प्रेस से बातचीत के दौरान माझी ने कहा, “आज राज्य के लिए गर्व का दिन है क्योंकि ओडिशा के लोगों की अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान सेवा की सालों पुरानी इच्छा पूरी हो गई है।” उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हो पाया है।

विमानन क्षेत्र का केंद्र बनेगा ओडिशा
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि उड़ान सेवाएं ओडिशा के लिए पश्चिम एशियाई देशों से सीधे जुड़ने का अवसर पैदा करेंगी। उन्होंने आगे कहा कि इससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। “हम सिर्फ सड़कों या पुलों का विकास नहीं कर रहे, बल्कि ओडिशा को एक औद्योगिक और एविएशन हब बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।” माझी ने कहा कि प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाओं की शुरूआत के साथ, भुवनेश्वर आने वाले दिनों में विमानन क्षेत्र का केंद्र बनने जा रहा है।
ओडिशा से इन राज्यों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट्स
उन्होंने बताया कि हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने भुवनेश्वर से देहरादून, गाजियाबाद, गोवा, इंदौर, कोच्चि, लखनऊ और पोर्ट ब्लेयर तथा झारसुगुड़ा से हैदराबाद, लखनऊ, मुंबई और रायपुर के लिए उड़ान सेवाएं शुरू की हैं। इसके अलावा गुरुवार को भुवनेश्वर से विशाखापत्तनम के लिए उड़ान सेवाएं भी फिर से शुरू कर दी गईं।
- मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटा पहले कार्यालय छोड़ने का कोई आदेश नहीं, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग ने जारी किया स्पष्टीकरण
- ‘शिक्षा मित्रों का मानदेय होगा 18 हजार…’, CM योगी का बड़ा ऐलान, कहा- 5 लाख तक कैशलेस इलाज की दी जाएगी सुविधा
- फगवाड़ा: मामूली विवाद में पत्नी गई मायके पति ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
- Rajasthan News: बीजेपी महिला नेता का अश्लील AI वीडियो बना ब्लैकमेल करने वाला वकील गिरफ्तार, नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप
- हाईवे पर जन्मदिन मनाना युवकों को पड़ा भारी, वायरल वीडियो के आधार पुलिस ने 7 को किया गिरफ्तार, जूलूस निकालकर न्यायालय में किया पेश

