विनोद सैनी,.हिसार। भाजपा नेता और कुलदीप बिश्नोई के समर्थक बताए जा रहे अजय प्रताप सिंह ‘बबलू’ खटाना रविवार को अपने समर्थकों के साथ जननायक जनता पार्टी (JJP) में शामिल हो गए। हिसार में आयोजित जेजेपी के नवसंकल्प महासम्मेलन में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं के सम्मान का मुद्दा उठाया

जेजेपी में शामिल होने के बाद बबलू खटाना ने कहा कि कार्यकर्ताओं के हक और मान-सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने भाजपा छोड़ने का फैसला लिया है। अब वह अपने समर्थकों के साथ जेजेपी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

दुष्यंत चौटाला ने बबलू खटाना और उनके साथ आए लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

कांग्रेस और इनेलो के कार्यकर्ता भी JJP में आए

कार्यक्रम में कांग्रेस और इनेलो से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने भी जेजेपी की सदस्यता ग्रहण की। इनेलो से रमन खटाना और देवेंद्र गुज्जर के शामिल होने की घोषणा की गई। कांग्रेस से जुड़े मोहित बागनवाला, अमित बागड़ी, अजय सायमंड, रोहित लोहमरोड़, साहिल छोकर, अमित सिवाच, अजय सिवाच, विनोद भादू, अक्षित कस्वां, अमन बिश्नोई लीलस, तनवीर बिछपड़ी, अभिषेक बुडानिया, सचिन मंडोली, पवन कसवां, धोलिया बीधवान और विक्रम लाठर सहित कई कार्यकर्ताओं ने सदस्यता ली।

जेजेपी के मुताबिक, इस दौरान नारनौंद के अमन श्योराण के साथ संजय भंडारी गुराना, राजेश गुराना, सुमित ढिल्लों, रोहित पपोसा, जीतू गुराना, काला राजली, कपिल बढ़ावड, नीरज शर्मा, शशिकांत शर्मा, सत्यम सोनी, अनिल गर्ग, अरुण कांगड़ा, नरेश भाटला, दीपक भाटला, शेखर बिश्नोई, परवीन असरावां, सोनू असरावां, दिलबाग रावत, भाला खटाना, अंकित सिंधु, जोगिंदर बेनीवाल, संदीप बॉक्सर, कुलदीप खटाना उर्फ बानिया और अमित शर्मा भी पार्टी में शामिल हुए।

दुष्यंत चौटाला ने उठाए ये मुद्दे

कार्यक्रम में दुष्यंत चौटाला ने युवाओं, मतदाता सूची, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के जरिए हरियाणा में लाखों युवाओं के नाम मतदाता सूचियों से काटे जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के फॉर्म-6 से जुड़े नियमों पर भी सवाल उठाए।

दुष्यंत चौटाला ने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा रोजगार के संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश में बढ़ते अपराध पर भी सवाल किए। ये दावे दुष्यंत चौटाला के हैं।

पार्टी पदाधिकारी भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में हरियाणा खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, हिसार जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया, प्रदेश कार्यालय सचिव रविंद्र सांगवान, हांसी जिला अध्यक्ष अमित बूरा, अजित ओडीएम सहित जेजेपी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m