सोहराब आलम/​मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत जिहुली गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक 20 वर्षीय युवक, प्रकाश माझी ने अपनी मुंहबोली भांजी के साथ प्रेम संबंधों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे गांव में शोक और सनसनी फैला दी है।
​मृतक प्रकाश माझी जिहुली पंचायत के वार्ड संख्या 14 का निवासी था। उसकी बहन रूपलीला माझी ने बताया कि बचपन में ही माता-पिता के निधन के बाद उन्होंने अपने इकलौते भाई को बड़े लाड़-प्यार से पाला था। प्रकाश की जिंदगी सामान्य चल रही थी, लेकिन साल भर पहले उसके पड़ोस में रहने वाली एक युवती से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। वह युवती कुशहर गांव के उमेश माझी की बेटी थी और अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी।

​घर से भागने और सामाजिक दबाव की कहानी

​लगभग दस दिन पहले दोनों घर से भाग गए थे, जिसके बाद परिजनों को उनके गहरे संबंधों का पता चला। समझाने-बुझाने के बाद वे वापस तो आए, लेकिन सामाजिक लोक-लाज के भय से परिवार ने पुलिस को सूचित नहीं किया। प्रकाश को सुधारने के लिए उसकी दूसरी बहन के घर भेज दिया गया था। इसी बीच सूचना मिली कि लड़की के परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे हैं, जिससे प्रकाश मानसिक तनाव में आ गया।

​खेत में पेड़ से लटका मिला शव

​मंगलवार को प्रकाश अपनी दूसरी बहन के घर से अचानक गायब हो गया। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि गांव से एक किलोमीटर दूर खेत में उसका शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पताही थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।