Bihar Top News Today 05 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 05 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

JDU में बगावत

पटना। बिहार की राजनीति में राज्यसभा नामांकन के बड़े घटनाक्रम के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर गहरा असंतोष उभरकर सामने आया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब पटना विधानसभा परिसर में एनडीए उम्मीदवारों के नामांकन के लिए पहुंचे, ठीक उसी वक्त पार्टी के पुराने वफादार और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के पक्ष में नारों ने सियासी हलचल तेज कर दी।

नीतीश ने भरा राज्यसभा का पर्चा

पटना। बिहार की राजनीति में गुरुवार को एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने भी पर्चा भरा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी ने गठबंधन की मजबूती का संदेश दिया।

छात्रा से रेप के बाद हत्या

पूर्णिया। जिले के अमौर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतका के 16 वर्षीय प्रेमी पर लगा है, जिसने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को बांस की झाड़ियों से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे।

सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़े

मुजफ्फरपुर। जिले में होली का त्योहार उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग स्थित नूनफर मोहल्ले में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों ने हमला बोल दिया, जिसमें पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ग्रामीणों और CRPF जवानों में हिंसक झड़प

पटना। जिले के मोकामा स्थित औंटा गांव में गुरुवार को माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब ग्रामीणों और CRPF के जवानों के बीच तीखी झड़प हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते हिंसा में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हो गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

​आंध्र पुलिस के सामने पेश हुए IG

पटना‌। ​बिहार अग्निशमन विभाग के आईजी एम. सुनील नायक आंध्र प्रदेश पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराने पहुंच चुके हैं। आंध्र हाईकोर्ट के निर्देशानुसार, नायक पूर्व सांसद के. रघु रामकृष्णा राजू के साथ कथित प्रताड़ना मामले में जांच अधिकारी के समक्ष पेश हुए। गौरतलब है कि आंध्र पुलिस ने पहले नायक को पटना से गिरफ्तार करने की कोशिश की थी, लेकिन दस्तावेजों की कमी के कारण पटना सिविल कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार कर दिया था।

शाह ने की नीतीश की तारीफ

​पटना। राजधानी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किए जाने के बाद देश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार की जमकर सराहना की और राष्ट्रीय राजनीति में उनके प्रवेश को एक सकारात्मक कदम बताया। ​अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार का राष्ट्रीय राजनीति में आगमन एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने नीतीश कुमार की ईमानदारी पर जोर देते हुए कहा कि उनके इतने लंबे राजनीतिक जीवन और दामन पर कोई दाग नहीं है। गृहमंत्री ने उनके राज्यसभा आने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र और सदन के लिए लाभदायक बताया।
बिहार के भागलपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां होली खेलने ससुराल आए 3 युवकों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गोली मारकर दो की हत्या

मृतक युवकों की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा निवासी गुलशन कुमार (20) और नीरज कुमार (24) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान अजेश कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौक पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

लाइन होटल में भीषण आग

मुजफ्फरपुर। जिले के बेनीबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-27 पर बुधवार की रात अफरा-तफरी का माहौल रहा। यहां एक लाइन होटल में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में होटल और दुकानों में रखा लाखों का फर्नीचर, राशन और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।

विधायक के ड्राइवर की संदिग्ध मौत

मुजफ्फरपुर। जिले के पारु विधानसभा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के स्थानीय विधायक शंकर राय के निजी चालक, सूरज कुमार (35 वर्ष), का शव विधायक के आवास के समीप ही संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। ​मृतक सूरज कुमार का शव विधायक के घर के पास स्थित झाड़ियों में फेंका हुआ मिला। परिजनों के मुताबिक, सूरज के शरीर पर चोट और गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जो बेरहमी से की गई मारपीट और हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक शंकर राय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।