लखनऊ. अमेरिका-इजरायल-ईरान तनाव का असर गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर दिख रहा है. राजधानी लखनऊ में LPG गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ रही है. शहर के बड़े होटलों में गैस का संकट आ पड़ा है. वहीं दूसरी ओर हाईपावर कमर्शियल इंडक्शन चूल्हों की डिमांड बढ़ रही है. कुछ होटलों के किचन में इंडक्शन चूल्हे लग रहे हैं. गैस की कमी के बाद इंडक्शन का इस्तेमाल बढ़ रहा है. इंडक्शन पर 1000 से ज्यादा लोगों का खाना बनाना संभव है.

इतना ही नहीं, गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते शादी-पार्टियों के मेन्यू में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. ज्यादा गैस खपत वाले डिश मेन्यू से हटाए जा रहे हैं. सीमित सिलेंडर से होटलों और किचन की व्यवस्था प्रभावित हो रही है. रोजाना 8-10 सिलेंडर की जरूरत होटल बता रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : ‘कंडे और लकड़ी ढूंढ़ना पड़ेगा…’, LPG संकट पर अखिलेश ने सरकार पर बोला हमला, कहा- आम लोगों के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो जाएगा

बता दें कि प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अघोषित रोक लगा दी गई है. एजेंसियों को घरेलू सिलेंडर सप्लाई पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं. जिसके चलते होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालक परेशान हो गए हैं. दूसरी ओर कई शहरों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी हो रही है. लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर में इसका असर देखने को मिल रहा है. 4-5 दिन बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है. गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं. गैस संकट के बीच लोग लकड़ी स्टॉक करने लगे हैं.