Bihar Top News Today 11 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
निशांत की समर्थकों ने उतारी आरती
पटना। बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव स्पष्ट दिखने लगा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार बुधवार को अचानक पटना स्थित जेडीयू (JDU) प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं का उत्साह सातवें आसमान पर था। निशांत के स्वागत में न केवल फूल-मालाओं की बौछार हुई, बल्कि महिला कार्यकर्ताओं ने उनकी आरती उतारकर भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में उनका अभिनंदन किया।
पेट्रोल-डीजल की किल्लत अफवाह: विजय कुमार
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में ईंधन की उपलब्धता, प्रशासनिक सख्ती और बंगाल की राजनीति सहित कई ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि बिहार में पेट्रोल और डीजल की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। सिन्हा ने स्वीकार किया कि कुछ क्षेत्रों में वितरण संबंधी मामूली दिक्कतें हो सकती हैं, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सरकार आपूर्ति श्रृंखला की निरंतर निगरानी कर रही है ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो।
डूबने से 3 युवकों की मौत
भागलपुर से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है, जहां घोघा थाना क्षेत्र स्थित गंगा नदी में डूबने से एक ही परिवार के 3 युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक महिला को स्थानीय लोगों ने डूबने से बचा लिया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
दरअसल ओलपुरा गांव स्थित एक परिवार बच्चे का मुंडन कराने के लिए गंगा घाट पहुंचा था, जहां मुंडन संस्कार के बाद परिवार के सदस्य नदी में स्नान करने के लिए उतरे। नहाने के दौरान चार लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने डूब रही महिला रुक्मणि देवी को बचा लिया और उन्हें सुरक्षित नदी से बाहर निकाला, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से तीन युवक नदी में ही डूब गए। जबतक उन्हें बाहर निकाला जाता, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
हॉस्टल मालिक को जमानत नहीं
पटना। राजधानी के चर्चित नीट छात्रा रेप और मौत मामले में मुख्य आरोपी और हॉस्टल मालिक मनीष रंजन को फिलहाल राहत नहीं मिली है। पटना की पॉक्सो कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के बाद मामला कल तक के लिए टाल दिया गया है। सीबीआई (CBI) की टीम कोर्ट में जांच रिपोर्ट और केस से संबंधित चार बंडल दस्तावेज लेकर पहुंची थी, लेकिन जमानत पर फैसला नहीं हो सका।
तेज प्रताप यादव की लॉन्ग ड्राइव
पटना। लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (JJD) के नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज के कारण सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इस बार चर्चा उनके राजनीतिक बयान की नहीं, बल्कि उनके लग्जरी कार प्रेम और तेज रफ्तार लॉन्ग ड्राइव की हो रही है। तेज प्रताप ने अपने इंस्टाग्राम के ‘TY ब्लॉग’ पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपनी करीब एक करोड़ रुपये की सफेद मर्सिडीज कार को खुली सड़क पर दौड़ाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कार का स्पीडोमीटर 140 किमी प्रति घंटा के पार जाते दिख रहा है। सफर के दौरान बैकग्राउंड में फिल्म ‘धुरंधर’ का रोमांटिक गाना ‘बेताब सा मोहब्बत का तू इंकलाब है’ बज रहा है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, लॉन्ग ड्राइव, खुली सड़क और अपने लोग… बस यही असली खुशी है।
LPG को लेकर लोगों में हाहाकार
कैमूर। बिहार समेत देश में एलपीजी गैस कि किल्लत को लेकर असमंजस कि स्थिती पैदा हो गई है। जिले के भभुआ में एचपी गैस एजेंसी के गोदाम पर पिछले चार दिनों से उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। गैस की किल्लत और अफवाहों ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सुबह चार बजे से ही खाली सिलेंडर लेकर लोग एजेंसी पहुंच जा रहे हैं, जिससे एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं।
पटना में एजेंसियों पर लटके ताले
सुपौल। बिहार के कई जिलों में घरेलू गैस की भारी किल्लत के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। सुपौल में आक्रोशित लोगों ने NH-327E को जाम कर घंटों हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से घरों में चूल्हा नहीं जला है, जबकि एजेंसियां गैस की कालाबाजारी कर रही हैं। पटना, गोपालगंज, खगड़िया और औरंगाबाद जैसे शहरों में भी सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
AIMIM करेगा RJD कैंडिडेट का समर्थन
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर बुधवार को AIMIM के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान और प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद अख्तरूल ईमाम ने कहा, बहुत पॉजिटिव बातचीत हुई है। राजद कैंडिडेट को समर्थन करने वाले सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पॉजिटिव बात हुई है, पॉजिटिव ही समझिए। अख्तरूल ईमाम ने आगे कहा, तेजस्वी यादव से आज बातचीत हुई है। हम ओवैसी साहब से इसे लेकर बात करेंगे। बातचीत पॉजिटिव हुई है। गौर करने वाली बात यह है कि मंगलवार को तेजस्वी द्वारा दी गई मटन पार्टी से AIMIM और BSP के विधायक नदारद रहे थे, जिससे महागठबंधन की चिंता बढ़ गई थी।
राजस्व कर्मियों का धरना-प्रदर्शन
भागलपुर। अपनी मांगों की अनदेखी से नाराज जिले के राजस्व कर्मियों ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ और संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस धरने में जिले के विभिन्न अंचलों से आए कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के साथ साल 2025 में कर्मचारी संघ का लिखित समझौता हुआ था, लेकिन उसे धरातल पर अब तक लागू नहीं किया गया है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार मिलने वाले आश्वासनों के बावजूद विभाग उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
बिहार में पहली AI बेस्ड रोबोटिक सर्जरी सफल
पटना। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) ने स्वास्थ्य सेवाओं में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्थान में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा फिर से बहाल कर दी गई है, जिससे यह गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में इस तकनीक का उपयोग करने वाला बिहार का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है। हाल ही में संस्थान में दो मरीजों की सफल रोबोटिक सर्जरी की गई। पहली मरीज शिवहर की एक 26 वर्षीय महिला थी, जो पिछले तीन वर्षों से गॉल ब्लॉडर (पित्त की थैली) की पथरी से परेशान थी। दूसरा मरीज सीवान का 55 वर्षीय पुरुष था, जो हर्निया और गॉल ब्लॉडर की समस्या से ग्रसित था। गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष मंडल के नेतृत्व में डॉ. साकेत कुमार और उनकी टीम ने इन जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

