Bihar Top News Today 12 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 12 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

बिहार कांग्रेस में आर-पार

पटना। बिहार कांग्रेस के भीतर मची अंदरूनी कलह अब सड़कों पर आने वाली है। अपनी ही पार्टी की कार्यप्रणाली से नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी 17 मार्च को पटना के बोरिंग रोड स्थित एक उत्सव हॉल में महासम्मेलन बुलाने का निर्णय लिया है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगठन में व्याप्त अराजकता को खत्म करना और राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के मार्ग को प्रशस्त करना है।

सम्राट चौधरी के आवास पर बैठक

पटना। बिहार की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई, जिसका मुख्य एजेंडा राज्यसभा की सभी पांचों सीटों पर जीत सुनिश्चित करना है। आंकड़ों के लिहाज से NDA चार सीटों पर मजबूत स्थिति में है, लेकिन असली चुनौती पांचवें उम्मीदवार की जीत को लेकर है।

JDU कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन

पटना। बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय के बाहर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब बक्सर जिले से आए सैकड़ों कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। यह विरोध प्रदर्शन नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के चयन और संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली को लेकर किया गया।

सिलेंडर की किल्लत जारी

बिहार समेत पूरे देश में एलपीजी गैस की किल्लत हो गई है, जिसके कारण आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह होते ही गैंस एजेंसियों के बाहर एलपीजी लेने को लेकर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वहीं, कमर्शियल गैस की सप्लाई पर रोक लगने से कई होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं। इस बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एलपीजी की किल्लत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जवाबी हमला बोला है।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर तंज कसते हुए लिखा- सिलेंडर की किल्लत का जश्न कब होगा? प्रधानमंत्री जी…
रोहिणी ने लिखा- प्रधानमंत्री लाइन लगवाओ योजना (PMLLY) के अंतर्गत मोदी जी ने पहले नोट बदलने के लिए लाइन लगवाई , फिर ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए लाइन लगवाई और अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगवा रहे हैं।

एडमिट कार्ड पर जानवर की फोटो

रोहतास। बिहार में सरकारी परीक्षाओं के आयोजन और तकनीकी प्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रोहतास जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर उसकी अपनी तस्वीर के बजाय एक श्वान की फोटो प्रिंट होकर आ गई है। इस लापरवाही ने न केवल अभ्यर्थी को मानसिक तनाव में डाल दिया है, बल्कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। यह अजीबोगरीब मामला रोहतास जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल अंतर्गत धावा गांव का है। यहां के निवासी रितेश कुमार ने साल 2022 में जिला एवं सत्र न्यायालयों में चपरासी के पद के लिए आवेदन किया था। इस भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा आगामी 15 मार्च को निर्धारित है। जब रितेश ने परीक्षा में शामिल होने के लिए अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो वह दंग रह गए।

एनकाउंटर में अपराधी घायल

पटना। राजधानी के फतुहा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक अपराधी को पैर में गोली मारकर दबोच लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी भी गिरफ्तार किए गए हैं। ​गिरफ्तार तस्करों के पास से 1200 से अधिक जिंदा कारतूस और दो देसी कट्टे बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि गोलियों का यह जखीरा उत्तर प्रदेश के कानपुर से मंगवाया गया था। इसे फतुहा के रास्ते पटना और नालंदा के इलाकों में सप्लाई किया जाना था। अपराधी स्कॉर्पियो और हैरियर गाड़ियों से खेप लेकर पहुंचे थे।

अफसर के यहां छापा

पटना। बिहार में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। इस बार निशाने पर बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार हैं। गुरुवार को SVU की टीम ने उनके पटना स्थित कार्यालय और आवासीय परिसरों पर एक साथ छापेमारी की।

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में फर्जीवाड़ा

मुजफ्फरपुर। जिले के औराई प्रखंड में सरकारी योजना के नाम पर फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नरहर गांव में ‘मुख्यमंत्री महिला स्वरोजगार योजना’ का लाभ दिलाने के बहाने स्कूली छात्राओं और महिलाओं के खातों से अवैध वसूली की जा रही है।​ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही दो व्यक्तियों ने घर-घर जाकर महिलाओं और छात्राओं को योजना का झांसा दिया और उनके आधार कार्ड जमा किए। कुछ दिनों बाद लाभुकों के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये आए। जैसे ही पैसे खाते में पहुंचे, आरोपियों ने AEPS (आधार आधारित भुगतान प्रणाली) के जरिए अंगूठा लगवाकर पूरी राशि निकाल ली। इसके बाद महिलाओं को केवल 6000 से 6500 रुपये थमा दिए गए और बाकी के 3500 से 4000 रुपये कमीशन के नाम पर अवैध रूप से काट लिए गए।

बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़

पटना। राजधानी के बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सक्रिय और शातिर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अपराधियों के पास से न केवल चोरी की बाइकें, बल्कि अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं, जो क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।

सरकारी पानी टंकी के कमरे में खोल दी गई मटन शॉप

गयाजी। तीर्थ नगरी गया के गांधी मोड़ इलाके (वार्ड संख्या-4) में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जनसुविधा के लिए बनी सरकारी पानी टंकी के कमरे को अवैध रूप से मटन शॉप में तब्दील कर दिया गया है। सार्वजनिक स्थान पर धड़ल्ले से मांस काटे जाने की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है।