अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. मंगलवार को मुगलसराय क्षेत्र में अपना दल (कमेरावादी) द्वारा मंडलस्तरीय समता सम्मेलन का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम विकास खंड नियामताबाद के गोरईयाँ प्राथमिक विद्यालय के समीप मैदान में संपन्न हुआ, जिसमें सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. पल्लवी पटेल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने UGC बिल, जातिगत जनगणना और पंचायत चुनाव जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए.

पटेल ने कहा कि UGC बिल की वर्तमान व्यवस्था को ‘लचर’ बताते हुए कहा कि इससे समाज में असमानता बढ़ रही है. उनका आरोप था कि सरकार इस बिल को राजनीतिक लाभ-हानि को ध्यान में रखते हुए लागू करने की रणनीति बना रही है. कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी. एल. पटेल ने भी सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठाने की जरूरत बताई. सम्मेलन में UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 को लागू करने और ओबीसी की जातिवार जनगणना कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई.
वक्ताओं ने कहा कि आज भी समाज में जातीय भेदभाव और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आती हैं, खासकर शिक्षण संस्थानों में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में इन वर्गों को समान अवसर दिलाने के लिए ठोस नीतियों की आवश्यकता है.

इसे भी पढ़े : चिप्स बिस्कुट की आड़ में चल रहा नशे का खेल, पुलिस ने किया नाकामयाब, दो अलग-अलग मामलों में तस्करों को दबोचा

पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर भी डॉ. पल्लवी पटेल ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि सरकार और मंत्रियों के बयानों में तालमेल नहीं है. एक ओर चुनाव कराने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रक्रिया को टाला जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर पंचायत चुनाव टाल रही है. उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार की मंशा को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी. सम्मेलन में वाराणसी मंडल अध्यक्ष उमेश मौर्य, किसान मंच मंडल अध्यक्ष बलराम यादव, जिलाध्यक्ष गुरुपूरन पटेल, किसान मंच जिलाध्यक्ष संदीप पटेल, हरिद्वार पटेल और ईशान मिल्की सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से सामाजिक न्याय और समानता की इस मुहिम से जुड़ने की अपील की.