लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को उत्तर प्रदेश में अभूतपूर्व विकास और सतत समृद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ वार्षिक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विगत 9 वर्षों में प्रदेश में आया परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, जनप्रतिनिधियों की सेवा-भावना और जनता-जनार्दन के अटूट विश्वास का परिणाम है- यही विश्वास ‘नए उत्तर प्रदेश’ की सबसे बड़ी ताकत है.

सीएम ने कहा कि आज देश के एक्सप्रेस-वे इंफ्रास्ट्रक्चर का 55 फीसदी उत्तर प्रदेश के पास है. गंगा एक्सप्रेस-वे इसी महीने कंप्लीट हो रहा है, जिसके बाद उत्तर प्रदेश का शेयर 60 फीसदी हो जाएगा. आज हम ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में आगे बढ़े हैं. गोरखपुर और रायबरेली में एम्स संचालित हैं. काशी के बीएचयू में विश्व स्तरीय कैंसर संस्थान स्थापित हो चुका है.

इसे भी पढ़ें : इस रेलवे स्टेशन ने यात्रियों से वसूला 9.74 लाख का जुर्माना, आप भी ना करें ये गलती, नहीं तो पड़ जाएंगे लेने के देने

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या हमारी आस्था है. मर्यादा के साथ कैसे रहना है यह हमें अयोध्या सिखाती है और वह अयोध्या आज नई अयोध्या के रूप में हमारे सामने है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, उनके मार्गदर्शन में हम सब उत्तर प्रदेशवासियों को अपने अतीत की इस विरासत को गौरव के साथ आगे बढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है.