Bihar Top News Today 18 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 18 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

नीतीश आवास पर इफ्तार

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर बुधवार शाम इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में न केवल राजनीतिक गलियारों की गहमागहमी दिखी, बल्कि पारिवारिक रिश्तों और बदलते प्रोटोकॉल ने भी सबका ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री आवास के गेट नंबर-13 पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, जहां केवल वैध पास दिखाने पर ही अतिथियों को प्रवेश दिया जा रहा था।

हड़ताल पर सरकार सख्त

पटना। बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों की हड़ताल से प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह चरमरा गया है। विभागीय मंत्री विजय सिन्हा ने इस गतिरोध पर गहरा असंतोष जताते हुए स्पष्ट किया है कि सरकार अब और नरमी बरतने के मूड में नहीं है। कई दौर की वार्ताओं के बाद भी अधिकारियों के काम पर न लौटने को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

पटना बना रणक्षेत्र

पटना। राजधानी की सड़कों पर बुधवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब UGC रेगुलेशन लागू करने और आरक्षण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। गांधी मैदान से शुरू हुआ यह आक्रोश राजभवन मार्च में तब्दील होना था, लेकिन पुलिसिया कार्रवाई और नोकझोंक के बीच शहर का हृदय क्षेत्र रणक्षेत्र बन गया।

जलकर 7 लोगों की मौत

किशनगंज। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से बिहार के किशनगंज निवासी एक ही परिवार के 6 सदस्यों समेत कुल 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह परिवार कैंसर के इलाज के सिलसिले में इंदौर गया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

संजय टाइगर की तेजस्वी को नसीहत

पटना। बीजेपी द्वारा आज राजधानी पटना में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीजेपी कोटे से मंत्री संजय टाइगर मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम में अपनी समस्याओं को लेकर आए लोगों की शिकयतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उसके समाधान हेतु निर्देश दिया। संजय टाइगर ने कहा कि, उनके पार्टी के नेता शिवानंद तिवारी ने ही नसीहत दी है कि तेजस्वी रणछोड़ है। वो लड़ाई ही नहीं लड़ पाते हैं। ऐसे नेता राजनीति क्या करेंगे? ये ऐसे ही हवा में आएंगे और हवा में ही उड़ जाएंगे। राजनीति ऐसे नहीं होता है। ये बात तेजस्वी को समझना होगा।

दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प

भागलपुर। जिले में मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि दो पक्षों के बीच जमकर खून-खराबा हुआ। मामला गोराडीह थाना क्षेत्र के दोस्तानी गांव का है, जहां बच्चों के बीच ऑटो पर बैठने को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ​जानकारी के अनुसार, दोस्तानी गांव निवासी महेश दास के घर कुछ मेहमान ऑटो से आए थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाले शिवदास के बच्चे उस ऑटो पर बैठने लगे। महेश दास के बच्चों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बच्चों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बच्चों की लड़ाई बड़ों के बीच पहुंच गई। आरोप है कि शिवदास की पत्नी फूलन देवी ने मौके पर पहुंचकर महेश दास की बेटी की पिटाई कर दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

राजेश राम पर विधायक के आरोप

पटना। राज्यसभा चुनाव के दौरान बिहार कांग्रेस के भीतर मची रार अब सार्वजनिक हो गई है। तीन विधायकों की अनुपस्थिति ने न केवल महागठबंधन के समीकरण बिगाड़े हैं, बल्कि पार्टी के भीतर ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ और गुटबाजी की पोल भी खोल दी है। इस पूरे विवाद के केंद्र में अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम भी आ गए हैं। ​वोटिंग से दूर रहने वाले फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास ने एक बड़ा धमाका करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के कहने पर ही राजद प्रत्याशी अमरेंद्र धारी सिंह को वोट नहीं दिया। विश्वास का दावा है कि 5 मार्च से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में राजेश राम की लगातार उपेक्षा हो रही थी, जिससे नाराज होकर अध्यक्ष ने ही उन्हें अनुपस्थित रहने का निर्देश दिया था।

IPS अफसरों का तबादला

बिहार में एक बार फिर पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत 4 आईपीएस और 2 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का तबादला हुआ है। इस बदलाव को राज्य की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

EOU का छापा

मधुबनी। बिहार के बिजली विभाग में तैनात एक अधिशासी अभियंता की अकूत संपत्ति का खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जब मनोज कुमार रजक के ठिकानों पर छापेमारी की, तो भ्रष्टाचार की ऐसी परतें खुलीं जिन्होंने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। महज 17 साल की नौकरी में मनोज ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति खड़ी कर ली है। ​EOU की 6 अलग-अलग टीमों ने मधुबनी, दरभंगा, सुपौल और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी समेत कुल 7 ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। करीब 8 घंटे तक चली इस मैराथन छापेमारी में आलीशान मकानों, गोदामों और निवेश से जुड़े ढेरों दस्तावेज बरामद हुए हैं। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में तैनात मनोज ने साल 2009 में बतौर असिस्टेंट इंजीनियर करियर शुरू किया था, लेकिन भ्रष्टाचार के जरिए उन्होंने संपत्ति का अंबार लगा दिया।

रसोई गैस संकट

सासाराम। रोहतास जिले में पिछले कुछ समय से जारी एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच राहत की खबर सामने आई है। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि जिले की आठ से अधिक प्रमुख गैस एजेंसियों ने एक बार फिर से होम डिलीवरी सेवा बहाल कर दी है। हालांकि, इस सरकारी दावे के बावजूद धरातल पर उपभोक्ताओं की मुश्किलें पूरी तरह कम होती नहीं दिख रही हैं।