Bihar Top News Today 20 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 20 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

जदयू विधायक के बेटे की सड़क हादसे में मौत

नवादा। शहर से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। पूर्व राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद यादव और स्थानीय जदयू (JDU) विधायक विभा देवी के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। यह हादसा गुरुवार देर शाम उस वक्त हुआ जब अखिलेश अपनी थार गाड़ी से घर से निकले थे। ​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अखिलेश कुमार गुरुवार शाम अपने आवास से गाड़ी लेकर निकले ही थे कि घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर उनकी थार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

वंदे भारत पर पत्थरबाजी

मुजफ्फरपुर। जिले में एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए असामाजिक तत्वों ने वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाया है। गुरुवार शाम हुए इस पथराव में ट्रेन की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
​जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 22531 (पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस) अपने निर्धारित समय पर मुजफ्फरपुर जंक्शन से मोतिहारी के लिए रवाना हुई थी। शाम करीब 5:15 बजे, जब ट्रेन कपरपूरा और कांटी स्टेशन के बीच एक सुनसान इलाके से गुजर रही थी, तभी अचानक बाहर से पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। एक भारी पत्थर सीधे कोच C-5 की सीट नंबर 31 की खिड़की पर लगा, जिससे उसका मजबूत सुरक्षा कांच पूरी तरह टूट गया।

करोड़ों का साइबर घोटाला

कटिहार। कटिहार में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने करीब 1 करोड़ 71 लाख 93 हजार रुपये के साइबर फ्रॉड मामले का खुलासा करते हुए एक निजी बैंक के प्रबंधक और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर डीएसपी रामकृष्ण कुमार ने आज शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि, जांच के दौरान 26 संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की गई, जिनमें बीते एक महीने के भीतर भारी रकम का लेन-देन हुआ है। इन खातों का उपयोग संगठित तरीके से साइबर ठगी के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में निजी बैंक के प्रबंधक कौशल झा और चार्टर्ड अकाउंटेंट निशांत अग्रवाल प्रमुख हैं। इनके अलावा चार अन्य सहयोगियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

मद्य निषेध और GRP में हिंसक झड़प

कटिहार। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को लागू करने की जिम्मेदारी संभाल रही पुलिस जब आपस में ही भिड़ जाए, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। कटिहार रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी ही शर्मनाक घटना घटी, जहां शराब तस्करों को पकड़ने के बजाय पुलिस के दो विभाग मद्य निषेध इकाई और रेल पुलिस (GRP) एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। इस खाकी बनाम खाकी की जंग में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है।

NDA में टकराव

पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों क्रेडिट लेने की होड़ मची है। एनडीए गठबंधन के भीतर अब नीतीश मॉडल बनाम सम्राट मॉडल को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर शुरू हुई यह बहस अब गठबंधन की आंतरिक कलह के रूप में सतह पर आ गई है।
​विवाद की शुरुआत बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार के एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई। उन्होंने बिहार की वर्तमान कानून-व्यवस्था में आए बदलावों को सीधे तौर पर डिप्टी सीएम और गृह मंत्री सम्राट चौधरी की सख्ती से जोड़ दिया। बीजेपी का दावा है कि गृह विभाग की कमान संभालते ही अपराधियों में खौफ का माहौल है।
​बीजेपी प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर इसे योगी मॉडल से जोड़ते हुए सम्राट मॉडल का नाम दिया। उनके अनुसार, बिहार में अब माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर चल रहे हैं, अपराधी सरेंडर कर रहे हैं और एनकाउंटर का डर अपराधियों को जंगल की ओर भागने पर मजबूर कर रहा है। बीजेपी ने संकल्प दोहराया है कि अगले 3 महीनों में बिहार से अपराध को पूरी तरह उखाड़ फेंका जाएगा।

पेट्रोल की कीमतों में उछाल

पटना। बिहार की राजधानी पटना में वाहन मालिकों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और मिडिल ईस्ट में ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर दिखने लगा है। पटना में स्पीड प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा दर्ज किया गया है, जिसके बाद इसकी नई कीमत 114.8 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

बदला मौसम, भारी तबाही

मोतिहारी। ​बिहार के मौसम में आए अचानक बदलाव ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के 15 से अधिक जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई है, जबकि 6 प्रमुख शहरों में जमकर ओले गिरे हैं। इस बेमौसम मार ने सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को पहुंचाया है, जिनकी गेहूं की तैयार फसलें बर्बाद हो गई हैं।

पवन सिंह की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

लाइव शो के दौरान हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव की कमर छूने का मामला एक बार फिर से तूल पकड़ लिया है। अंजलि राघव ने हरियाणा महिला आयोग को शिकायत भेजकर भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। मामले में हरियाणवी एक्ट्रेस ने ई-मेल के जरिये सबूत भी आयोग को भेजे हैं। अंजलि राघव ने कहा कि हाल ही में रैपर सिंगर बादशाह के मामले में महिला आयोग के सख्त रवैये के बाद शिकायत करने की हिम्मत जुटाई हैं। अंजलि ने कहा कि उस दिन लखनऊ में पहले मंच पर पवन सिंह ने गलत तरीके से कमर छुई। यह अनुचित व्यवहार था। यही नहीं बाद में बदनाम करने के लिए सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया। एक्ट्रेस का कहना है कि इसी वजह से उनका दिल्ली रामलीला में सीता का रोल छिन गया।

युवक की पीट-पीटकर हत्या

पटना। राजधानी के दानापुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक युवक की सरेराह बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान तकियापर निवासी विनय कुमार सिंह के पुत्र बिट्टू उर्फ ‘पालकियां’ के रूप में हुई है। वह दिल्ली में ट्रक चालक था और महज तीन दिन पहले ही अपनी बहन की शादी में शामिल होने घर आया था। 1 मई को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में चीख-पुकार मची है।

BPRO रिश्वत लेते गिरफ्तार

नालंदा। बिहार सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में तैनात प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी (BPRO) अनुष्का कुमारी को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। महिला अधिकारी द्वारा एक विकास योजना की फाइल आगे बढ़ाने के बदले पैसे की मांग की जा रही थी।