Bihar Top News Today 21 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 21 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

वज्रपात से मासूम की मौत

जमुई। कुदरत के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। चकाई प्रखंड क्षेत्र में अजय नदी के समीप हुए वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान चकाई के जलखारिया गांव निवासी रंजीत कुमार की पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रागिनी कुमारी मैट्रिक की छात्रा थी और वह अपने उज्जवल भविष्य के सपने संजोए स्कूल में आयोजित मैट्रिक की टेस्ट परीक्षा देने गई थी। शनिवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने घर वापस लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया कि जैसे ही वह अजय नदी के समीप पहुंची, अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। हल्की रिमझिम बारिश शुरू हुई और इसी बीच अचानक आसमान से तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी।

दहेज की भेंट चढ़ी बेटी

भागलपुर। जिले के बरारी थाना क्षेत्र में पटना जिलाधिकारी (DM) के निजी ड्राइवर की 20 वर्षीय बेटी, अर्पणा कुमारी का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर सोने की चेन, अंगूठी और कार की मांग को लेकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। ​बेगूसराय निवासी अनिल यादव (जो पटना DM के ड्राइवर हैं) ने अपनी पुत्री अर्पणा की शादी 22 नवंबर 2024 को भागलपुर के बहादुरपुर निवासी सोनू कुमार से की थी। पिता का कहना है कि शादी में उन्होंने अपनी सात कट्ठा जमीन बेचकर करीब 16 लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके, ससुराल वाले लगातार कीमती सामान और फोर-व्हीलर की मांग कर रहे थे।

ईद की नमाज पर सियासी घमासान

पटना। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ईद की नमाज के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जो अमूमन इस मौके पर मौजूद रहते हैं, इस बार नदारद रहे। उनकी जगह उनके पुत्र निशांत कुमार और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री के शामिल न होने पर विपक्षी दलों ने इसे राजनीतिक रंग देना शुरू कर दिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

चलते-चलते अचानक गिरा शख्स, मौत

पटना। जिले में जंक्शन के पास शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। करबिगहिया इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह व्यक्ति सामान्य रूप से पैदल चल रहा था, तभी अचानक वह लड़खड़ा कर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ देर तड़पने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

लेडी ड्रग तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। गलगलिया थाना क्षेत्र के दरभंगिया टोला में चलाए गए एक विशेष संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने कुख्यात महिला तस्कर पूजा कामती को धर दबोचा। यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर बेहद सुनियोजित तरीके से की गई, जिससे इलाके के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

म्यूल अकाउंट्स से करोड़ों की ठगी

पटना। शहर के सलेमपुर थाना क्षेत्र में साइबर पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने सरकारी मदद का लालच देकर ग्रामीणों को ही अपराध का जरिया बना दिया। इस गिरोह ने सैदपुर, मुरादपुर और सुंदरपुर जैसे गांवों की गरीब महिलाओं को अपना निशाना बनाया। ​ठगों ने महिलाओं को विश्वास दिलाया कि शौचालय निर्माण और मरम्मत योजना के तहत उनके खाते में 12,000 आएंगे। ठगी का स्तर इतना बड़ा था कि बैंक ले जाने के अलावा, एक भोज के बहाने शिविर लगाकर एक ही दिन में 100 से अधिक महिलाओं के फिंगरप्रिंट, आधार और फोटो लिए गए। महिलाओं को लगा कि वे सरकारी लाभ ले रही हैं, जबकि उनके नाम पर साइबर अपराध का रास्ता साफ किया जा रहा था।

कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत

पटना। पश्चिम एशिया (इजरायल-इरान) में जारी युद्ध की गूंज अब बिहार की रसोई और होटलों के मेन्यू में सुनाई दे रही है। पिछले 21 दिनों से अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के कारण राज्य में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत हो गई है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ा है, पटना से लेकर गया और भागलपुर तक खाने-पीने की चीजों के दाम 20% से 50% तक बढ़ गए हैं।

बिहार में मनाई गई ईंद, निशांत हुए शामिल

बिहार समेत पूरे देश में आज ईद-उल-फितर का त्योहार अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बारिश की बूंदों के बीच हजारों नमाजियों ने सजदा किया। हालांकि, इस साल बिहार की राजनीति और सामाजिक परंपरा के लिहाज से एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जो पिछले 20 वर्षों से हर साल गांधी मैदान पहुंचकर लोगों को ईद की बधाई देते थे, इस बार अनुपस्थित रहे। ​मुख्यमंत्री बनने के बाद से यह पहला मौका है जब नीतीश कुमार ईद की नमाज के कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। उनकी जगह उनके पुत्र निशांत कुमार गांधी मैदान पहुंचे। निशांत के साथ जदयू के कद्दावर नेता और मंत्री अशोक चौधरी सहित पार्टी के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे। मंच पर मुस्लिम धर्मगुरुओं ने निशांत कुमार को पारंपरिक गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री की गैर-मौजूदगी में निशांत की सुरक्षा का जिम्मा सीएम सिक्योरिटी के पास रहा, जो चर्चा का केंद्र बना रहा।

शिया समुदाय का विरोध प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर। जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार जहां एक ओर उल्लास लेकर आया, वहीं दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के प्रति गहरा आक्रोश भी देखने को मिला। शहर की ऐतिहासिक शिया जामा मस्जिद में नमाज अदा करने जुटे शिया समुदाय के लोगों ने ईरान पर हुए हालिया हमलों के विरोध में अपने हाथों पर काली पट्टी बांधी। यह प्रदर्शन ईरान में शहीद हुए नागरिकों के प्रति एकजुटता और वैश्विक अन्याय के खिलाफ एक मौन विरोध के रूप में देखा गया।

भीषण सड़क हादसा

भागलपुर। जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत सन्हौला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई है। यहां सन्हौला-जगदीशपुर मुख्य मार्ग पर कमालपुर और काठबन गांव के बीच एक भारी सामान लदे 18 चक्का ट्रक और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित होकर तीन वाहन सड़क किनारे 10 से 15 फीट गहरे बांध में जा गिरे।