पटना/ नालंदा। ​बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पांचवें चरण की समृद्धि यात्रा का समापन आज पटना के बापू सभागार में भव्य तरीके से हुआ। इस अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री के विजन की जमकर सराहना की और भविष्य के विकास का खाका पेश किया।

​लालटेन युग से रोशनी तक का सफर

​सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को लालटेन युग के अंधेरे से निकालकर विकास की नई रोशनी दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा तैयार किए गए रोडमैप पर ही एनडीए सरकार भविष्य में आगे बढ़ेगी। नितिन नवीन ने कहा, सड़कों को लेकर आपकी बनाई नीतियां आज दूसरे राज्यों के लिए मॉडल बन चुकी हैं। आपने बिहार में सड़कों का जो जाल बिछाया है, उसके लिए राज्य आपको हमेशा याद रखेगा।

​नीतीश का विपक्ष पर तीखा हमला

​मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में 2005 से पहले के शासनकाल पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार कोई काम नहीं करती थी। नीतीश ने बिना नाम लिए लालू यादव पर तंज कसते हुए कहा, एक बार गड़बड़ किया तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। उस दौर में सिर्फ हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 2005 के बाद उनकी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है।

​रोजगार और संकल्प की सिद्धि

​नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए रोजगार सृजन की सराहना करते हुए कहा कि 50 लाख लोगों को रोजगार देकर नीतीश कुमार ने साबित कर दिया कि संकल्प को सिद्धि में कैसे बदला जाता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार के सहयोग से पटना और बिहार के विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने अंत में कहा कि एक विधायक के रूप में उन्हें मुख्यमंत्री से हमेशा सीखने का अवसर मिला है।