लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश में फार्मर रजिस्ट्री को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि यथाशीघ्र हर ग्राम पंचायत में विशेष शिविर आयोजित कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस व्यवस्था से वंचित न रहे.

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार फार्मर रजिस्ट्री को कृषि क्षेत्र में एकीकृत लाभ वितरण प्रणाली के रूप में विकसित कर रही है, जिससे किसान को विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही पहचान के आधार पर सरल और व्यवस्थित तरीके से प्राप्त हो सके. उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं में यदि लाभार्थियों के नाम या अभिलेखों में कोई त्रुटि या असंगति है तो उसे आधार से लिंक कर प्राथमिकता के आधार पर संशोधित किया जाए और हर पात्र किसान का ‘किसान पहचान पत्र’ बनवाना सुनिश्चित किया जाए.

इसे भी पढ़ें : क्लीन एंड ग्रीन लखनऊ : अब राजधानी में आज से होगा डोर टू डोर कूड़ा प्रबंधन, सीएम ने 250 गाड़ियों को किया रवाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि विभाग अपनी सभी योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने के लिए आवश्यक तकनीकी व्यवस्था निर्धारित समयसीमा में तैयार करे और विभागीय पोर्टल को 01 मई 2026 तक पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता और लघु सिंचाई जैसे सहयोगी विभाग 31 मई 2026 तक आवश्यक तैयारियां पूरी कर कृषि विभाग के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि सभी विभागों में एक समान व्यवस्था लागू हो सके.