अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। बिहार के रोहतास जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दावथ थाना क्षेत्र के मलियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल एंड होटल में पुलिस ने छापेमारी कर भारी संख्या में युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद शनिवार को सभी 80 आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।

​छापेमारी और बरामदगी

​बिक्रमगंज एसडीएम प्रभात कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मलियाबाग के उक्त होटल में अचानक छापेमारी की गई। इस दौरान होटल के कमरों से कुल 80 लोगों को पकड़ा गया जिनमें 39 महिलाएं और 41 पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी लोग होटल में आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे।

​नाबालिगों की बड़ी संख्या

​इस मामले में सबसे गंभीर बात नाबालिगों की संलिप्तता है। पकड़ी गई 39 महिलाओं में से 18 लड़कियां नाबालिग पाई गई हैं जिन्हें POCSO एक्ट के तहत ADJ-7 की अदालत में पेश किया गया। वहीं 41 पुरुषों में 13 नाबालिग लड़के शामिल हैं। एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने जानकारी दी कि 13 महिलाएं ऐसी थीं जो नाबालिग लड़कों के साथ पकड़ी गईं।

​प्रशासनिक कदम

​बिक्रमगंज के एसडीपीओ ने बताया कि सभी नाबालिग लड़कियों को मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया गया है। पकड़े गए अधिकांश युवक-युवती स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वाले हैं जिनमें कई स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। प्रशासन अब होटल संचालक के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है कि आखिर किस आधार पर इतनी बड़ी संख्या में जोड़ियों को कमरे उपलब्ध कराए गए थे।