अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। सासाराम में सुबह-सुबह हुए भीषण हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के बढ़ईया बाग की है, जहां बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरा इलाका दहल उठा।

श्राद्ध कर्म में शामिल होने निकले थे लोग

बाइक सवार मृतकों की पहचान परमा कुमार (23), उसकी भाभी खुशबू देवी (28) और खुशबू देवी की 4 साल की बच्ची काव्या के रूप में हुई है। सभी मृतक कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार परमा कुमार अपनी भाभी और भतीजी के साथ सासराम के तकिया मोहल्ले में स्थित अपने आवास से सुबह-सुबह गांव जाने के लिए निकले थे। गांव में परमा कुमारी के दादी का निधन हो गया था, जिनके श्राद्ध कर्म (तेरहवीं) के लिए वे लोग जाने के लिए निकले थे। हालांकि घर से निकलते ही वह इस भीषण हादसे का शिकार हो गए।

ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे का बाद मौक पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश में जुट गई है।

परिजनों में मचा कोहराम

बता दें की ट्रैक्टर पर ईंट लदी हुई थी। सुबह-सुबह नो एंट्री नहीं रहने के कारण नगर में भारी वाहनों का प्रवेश होता है। जिस वजह से अनियंत्रित तरीके से सड़कों पर ट्रैक्टर, ट्रक आदि लेकर निकलते हैं। ऐसे में हादसा की अधिक गुंजाइश बनी रहती है। इस हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एक साथ देवर-भाभी तथा भतीजी की मौत से सभी सन्न रह गए हैं। वहीं, इसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा फैसला: अब यह काम नहीं कर पाएंगे सरकारी डॉक्टर, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई