Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान छेड़ा है। महज 24 घंटे के भीतर टास्क फोर्स ने प्रदेश के 7 अलग-अलग जिलों में धावा बोलकर नशा तस्करों के कमर तोड़ दी। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने 5800 से ज्यादा अफीम के पौधों को जमींदोज कर दिया और भारी मात्रा में डोडा पोस्त और गांजा बरामद किया है। सबसे बड़ी कामयाबी प्रतापगढ़ में मिली, जहां गुजरात पुलिस का एक वांछित अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा।

राजसमंद में ऑपरेशन गांजा जुली: 5860 पौधे किए नष्ट

दरअसल, नशे के खिलाफ इस जंग की सबसे बड़ी तस्वीर राजसमंद के खमनोर थाना क्षेत्र से आई। यहां ऑपरेशन गांजा जुली के तहत पुलिस ने खेतों में लहलहा रहे 5860 अफीम के पौधों को जड़ से उखाड़ फेंका। सूत्रों ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में गांजा भी बरामद हुआ है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि पुलिस को लंबे समय से यहाँ अवैध खेती की सूचना मिल रही थी।

बाड़मेर से जयपुर तक छापेमारी, 7 तस्कर सलाखों के पीछे

मिली जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ की अलग-अलग टीमों ने राज्यभर में जाल बिछाया था। बाड़मेर के सदर और गुढ़ामलानी इलाके से करीब 85 किलो डोडा पोस्त और डोडा-चूरा जब्त। कोटा कुन्हाड़ी और नयापुरा में दबिश देकर गांजा तस्करों को दबोचा गया। वहीं जयपुर पत्रकार कॉलोनी में पुलिस ने गांजा और डोडा पोस्त पाउडर के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा। साथ ही प्रतापगढ़ में टीम ने गुजरात पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे एक वांटेड क्रिमिनल को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।

तस्करों में हड़कंप

ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, पुलिस की इन सातों कार्रवाइयों से बॉर्डर इलाकों से लेकर राजधानी तक नशे के नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मुख्यालय के आला अधिकारियों का कहना है कि यह तो बस शुरुआत है। नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म करने के लिए आने वाले दिनों में और भी बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया जाएगा। किसी भी स्तर पर पुलिस की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।

पढ़ें ये खबरें