LSG vs GT: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। बटलर ने इस मैच में न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने के साथ-साथ 100वां अर्धशतक भी जड़ दिया।
टी20 में 14,000 रन पूरे करने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल
जोस बटलर टी20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, एलेक्स हेल्स और डेविड वॉर्नर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों ने हासिल की है।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 463 मैचों में 14,562 रन बनाए हैं। वहीं कीरोन पोलार्ड के नाम 14,482 रन, एलेक्स हेल्स के नाम 14,449 रन और डेविड वॉर्नर के नाम 14,121 रन दर्ज हैं।
बटलर इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। उनसे पहले केवल एलेक्स हेल्स ही यह कारनामा कर पाए थे।
सबसे तेज 14,000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज
बटलर ने 468 पारियों में यह मुकाम हासिल किया और वह टी20 में सबसे तेज 14,000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इस सूची में शीर्ष पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने सिर्फ 423 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था, जबकि डेविड वॉर्नर ने 431 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
100वां अर्धशतक, फॉर्म में दमदार वापसी
लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बटलर ने 37 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके लगाए और टी20 क्रिकेट में अपना 100वां अर्धशतक भी पूरा किया।
बटलर इससे पहले टी20 विश्व कप 2026 में खराब फॉर्म से जूझते नजर आए थे, जहां उन्होंने 8 पारियों में महज 87 रन बनाए थे। ऐसे में उनका यह प्रदर्शन गुजरात टाइटंस के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
गिल-बटलर की साझेदारी से गुजरात की जीत
इस मुकाबले में शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 164 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात ने 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 165 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। बटलर (60 रन) और शुभमन गिल (56 रन) के बीच दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने टीम की जीत की मजबूत नींव रखी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

