चंडीगढ़। पंजाब की एक नाबालिग लड़की ने अपने ही परिवार के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। लड़की का आरोप है कि उसके परिजन उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन उसकी शादी करना चाहते हैं। पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद अदालत ने उसे सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

पिटीशन में नाबालिग लड़की ने बताया कि उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी मर्जी के बिना उसकी सगाई कर दी थी। जब उसने इस रिश्ते से इनकार किया, तो परिजनों ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। इन हालातों से तंग आकर लड़की को घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा.

लिव-इन रिलेशनशिप और सुरक्षा की मांग

लड़की ने अदालत को बताया कि वह फिलहाल अपने एक दोस्त के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। उसने दलील दी कि बालिग होने पर वह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह करेगी, लेकिन वर्तमान में उसे अपने माता-पिता और रिश्तेदारों से अपनी जान और आजादी का खतरा है।

मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति ने माना कि याचिकाकर्ता नाबालिग है और उसे देखभाल व सुरक्षा की सख्त जरूरत है। अदालत ने अधिकारियों को उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।