अनूप मिश्रा, बहराइच. उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पिपरी माफी गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने से एक युवक की मौत हो गई. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है और गांव में भारी तनाव का माहौल है. जानकारी के मुताबिक पिपरी माफी निवासी जिमीदार गुप्ता रविवार की शाम एक बारात में शामिल होने गए थे. सोमवार सुबह जब वह घर वापस आए, तो उन्हें शारीरिक असहजता महसूस हुई और तबीयत थोड़ी बिगड़ गई.

आनन-फानन में परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर से संपर्क किया. आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी गहन जांच के युवक को एक इंजेक्शन लगा दिया. इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद युवक की हालत गंभीर हो गई और दोपहर करीब एक बजे उसकी मृत्यु हो गई. दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया जिमीदार गुप्ता की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे एक वृद्ध मां, पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है.

इसे भी पढ़ें : पुलिस मेरी सुन नहीं रही… खाकी की अनदेखी, SP कार्यालय के सामने विधवा महिला ने लगाई न्याय की गुहार

ग्रामीणों का कहना है कि झोलाछाप डॉक्टरों के गलत इलाज के कारण आए दिन लोगों की जान जोखिम में रहती है, लेकिन प्रशासन की ढिलाई से इनके हौसले बुलंद हैं. पुलिस की कार्रवाई और जांच घटना की सूचना मिलते ही खैरीघाट थानाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्यवाही पूरी की. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, आरोपी डॉक्टर फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश जारी है.