रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टावर में स्थापित कैप्सूल लिफ्ट क्रमांक-02 के बीच में रुक जाने की घटना (20 अप्रैल 2026) की जांच में तकनीकी खामियां सामने आई हैं। जांच में यह सामने आया है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए डीजल जनरेटर और यूपीएस की स्टैंडबाय व्यवस्था मौजूद थी, लेकिन सिस्टम ठीक से काम नहीं कर पाया। मुख्य विद्युत निरीक्षकालय ने जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए 7 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की है।

मुख्य विद्युत निरीक्षक कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि घटना के दिन विद्युत आपूर्ति में व्यवधान आने पर डीजल जनरेटर के ऑटोमैटिक चेंजओवर सिस्टम में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई, जिसके परिणामस्वरूप यूपीएस भी प्रभावित हुआ और लिफ्ट को निरंतर विद्युत आपूर्ति नहीं मिल सकी। इसी कारण लिफ्ट बीच में रुक गई। उन्होंने बताया कि उक्त लिफ्ट 23 जनवरी 2027 तक वारंटी अवधि में है और संबंधित एजेंसी द्वारा इसकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।

सुधार कार्य पूर्ण नहीं होने पर की जाएगी कार्रवाई
उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है, तो केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण (विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा से संबंधित उपाय) विनियम, 2023 के विनियम 32(7) के तहत 48 घंटे का नोटिस जारी कर विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी।
ACS ऋचा शर्मा और कांग्रेस प्रवक्ता फंसे थे लिफ्ट में
बता दें कि 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ शासन की अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) ऋचा शर्मा करेंसी टावर के लिफ्ट में फंस गई थीं। यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई गई है, जब वे लगभग 10 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसी रहीं। इस घटना के दो दिन बाद कांग्रेस प्रवक्ता नितिन भंसाली भी इसी तरह की स्थिति का शिकार हुए थे, जिससे लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

