Bihar Top News Today 29 april 2026: बिहार (BIHAR) में आज 29 अप्रैल को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
मांझी के बयान पर भड़के तेजस्वी
पटना। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में एक बिहारी युवक, पांडव कुमार की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत को लेकर एनडीए सरकार और उसके मंत्रियों पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के बयानों को आधार बनाकर उन्हें असंवेदनशील और अमानवीय करार दिया। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से सत्ताधारी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए के नेता ‘यंत्र-तंत्र और षड्यंत्र’ के सहारे सत्ता में आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस, जो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन है, ने एक बिहारी युवक की हत्या सिर्फ उसकी पहचान के कारण कर दी। तेजस्वी के अनुसार, सत्ता के अहंकार में डूबे ये नेता अब आम नागरिकों के दर्द के प्रति पूरी तरह से बेपरवाह और बेशर्म हो चुके हैं।
दुल्हन के पिता को स्कॉर्पियो ने रौंदा
नालंदा। जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के चुरुईपर गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात के स्वागत के दौरान दुल्हन के पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल गम में बदल गया। मृतक की पहचान चुरुईपर गांव निवासी स्वर्गीय सकलदीप पासवान के 45 वर्षीय पुत्र आरजू पासवान के रूप में हुई है।
अफसर की हत्या करने वाला रामधनी एनकाउंटर में ढेर
भागलपुर। बिहार के भागलपुर से इस समय बड़ी खबर सामने आई है, जहां कार्यपालक पदाधिकारी की गोली मारकर हत्या करने वाले अपराधी को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ आज बुधवार की सुबह हुई। मृतक की पहचान मुख्य अभियुक्त रामधीन यादव के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उसके सीने में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि इस मुठभेड़ के दौरान 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
आज से 3 मई तक बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट
Weather update: बिहार में भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं, जिसके कारण मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार से लेकर आगामी 3 मई तक पूरे प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली गिरने (ठनका) का अलर्ट जारी किया है। इस मौसमी बदलाव से राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।
रिटायर्ड अधिकारी के बेटे को बांधकर पीटा
मुजफ्फरपुर। शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है, जहां बकरी चोरी के संदेह में भीड़ का क्रूर चेहरा देखने को मिला। पुरानी मोतिहारी रोड स्थित पटेल स्वीट्स के समीप स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर न केवल बंधक बनाया, बल्कि उसे लोहे के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से इलाके में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। बुधवार को जब कुछ संदिग्धों को फिर से बकरी चोरी कर भागते देखा गया, तो लोगों का सब्र टूट गया। भीड़ ने घेराबंदी कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
BJP का मशाल जुलूस, महिलाओं को विषय पता नहीं
पटना। शहर की सड़कों पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा महिला आरक्षण के समर्थन में निकाला गया ‘मशाल जुलूस’ राजनीति और जमीनी हकीकत के बीच के फासले को उजागर कर गया। आयोजन में महिलाओं की संख्या तो भारी दिखी, लेकिन जुलूस का मुख्य उद्देश्य ‘आरक्षण’ कहीं पीछे छूट गया और महिलाओं की बातचीत में ‘महंगाई’ और ‘बेरोजगारी’ जैसे बुनियादी सवाल हावी रहे। जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि जुलूस में शामिल कई महिलाओं को यह तक पता नहीं था कि वे किसलिए सड़क पर उतरी हैं। रेणु देवी नामक महिला ने साफ लहजे में कहा, हमें नहीं पता किस मुद्दे पर आए हैं। सब लोग आए तो हम भी आ गए। वहीं, कुछ महिलाएं कैमरे और सवालों से बचती नजर आईं। एक महिला ने तो हंसते हुए यहां तक कह दिया कि वे भाजपा की तरफ से आई हैं, शायद कुछ मांग पूरी हो जाए।
बिहार में 6 मई को कैबिनेट विस्तार हो सकता
पटना। बिहार की सियासत में ‘बड़े भाई’ की भूमिका में आई भाजपा अब पूरी तरह फ्रंट फुट पर खेल रही है। बंगाल चुनाव की सरगर्मी शांत होते ही बिहार में सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार की सुगवाहट तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, 6 मई को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। इस विस्तार में भाजपा के 13 और जदयू के 12 चेहरों को शामिल किए जाने की चर्चा है।
कैबिनेट में 63 एजेंडों पर लगी मुहर
पटना। बिहार कैबिनेट की हालिया बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें पुलिस भर्ती, नाम परिवर्तन और भारी-भरकम बजट आवंटन शामिल है। नीतिगत निर्णयों के तहत बिहार पुलिस में 20,937 नए पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई है। इस भर्ती प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि कुल पदों में से 50% पद विभागीय पदोन्नति (प्रमोशन) के माध्यम से भरे जाएंगे। शेष 50% पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
बिहार BJP की नई प्रदेश कमिटी टीम तैयार
पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी (BJP) में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में नई प्रदेश कमेटी का खाका तैयार कर लिया गया है, जिसे अब केवल राष्ट्रीय नेतृत्व की अंतिम मुहर का इंतजार है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नई कमेटी में ‘युवा जोश और अनुभवी होश’ का संतुलन दिखेगा। बदलते राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए 50 वर्ष से कम आयु के ऊर्जावान चेहरों को महत्वपूर्ण पद सौंपे जा रहे हैं। वहीं, पुराने और निष्ठावान नेताओं को भी हाशिए पर नहीं रखा गया है, ताकि संगठन की कार्यक्षमता बनी रहे।
पूर्व शिक्षक के घर से 50 लाख की चोरी
मोतिहारी। जिले चोरों का आतंक देखने को मिला है। बेखौफ चोरों ने पताही थाना क्षेत्र के परसौनी कपूर गांव में एक पूर्व शिक्षक एवं किसान के घर में दरवाजे का ताला को तोड़कर करीब 50 लाख रुपए के चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में पीड़ित शिक्षक बच्चा कुमार की ओर से पुलिस थाने में लिखित आवेदन दिया है।
ATM से लाखों की चोरी
मोतिहारी। जिले में एक बार फिर अज्ञात चोरों ने एटीएम काटकर लाखों की चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पूरा मामला जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित भवानीपुर चौक के पास का है, जहां चोरों ने बेहद ही सुनियोजित तरीके से एसबीआई बैंक के एटीएम को निशाना बनाया है। चोरी की इस घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे मारकर उसे निष्क्रिय कर दिया था। इसके साथ ही आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी काला कर दिया गया था, जिससे आरोपी की पहचान न हो सके। इसके बाद चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर एटीएम मशीन को काटा और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

