ईरान युद्ध में रूस मध्यस्थता करने को तैयार है, लेकिन खुद रूसी राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं. यूरोपीय खुफिया एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक हाल में टॉप रूसी सैन्य अधिकारियों की हत्याओं और तख्तापलट की आशंका के चलते क्रेमलिन ने पुतिन की सुरक्षा के नए सख्त उपाय किए हैं. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के चारों तरफ अब सुरक्षा का घेरा पहले से कहीं ज्यादा कड़ा हो गया है. हालात ऐसे बन गए हैं कि उनके करीबी लोगों के घरों तक पर निगरानी रखी जा रही है.

ये खबर न सिर्फ चौंकाने वाली है बल्कि रूस की राजनीति के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है. हालांकि किसी रूसी अधिकारी की ओर से ऐसी पुष्टि नहीं की गई है.

दुनिया के तमाम देशों को नाराज करने का काम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करते हैं लेकिन जान पर खतरा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की है. यूरोपियन एजेंसी के मुताबिक उनकी सिक्योरिटी को और ज्यादा टाइट कर दिया गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित रखा जा सके. करीबी से करीबी शख्स पर भी भरोसा नहीं किया जा रहा है. क्रेमलिन (Kremlin) रूस की राजधानी मॉस्को के केंद्र में स्थित एक ऐतिहासिक और सुरक्षित किला परिसर है, जो वर्तमान में रूस के राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास और रूसी सरकार का मुख्य प्रशासनिक केंद्र है। 

इससे पहले भी कई बार ऐसा हुआ है, जब रूसी राष्ट्रपति की सुरक्षा में बदलाव किए गए हैं. व्लादिमीर पुतिन की सुरक्षा व्यवस्था अपने आपमें चर्चा का विषय होती है. उनकी मल्टी लेयर्ड सिक्योरिटी में सेंध लगाना आसान नहीं है. निगरानी सिर्फ उन पर ही नहीं बल्कि उनके साथियों पर भी होती है.

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक दिसंबर, 2025 में एक शीर्ष जनरल की हत्या के बाद पुतिन की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 से क्रेमलिन में संवेदनशील जानकारी लीक होने और तख्तापलट की आशंका बढ़ गई है. पुतिन ड्रोन हमले से भी डरे हुए हैं.

अब इस प्रोटोकॉल को और बढ़ा दिया गया है. रिपोर्ट में बताया गया है कि न सिर्फ उनके आने-जाने पर सख्त निगरानी रखी जाती है बल्कि उनके करीबियों के फोन तक पर नजर रखी जा रही है.

रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि रूस पूर्व रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु तख्तापलट का संभावित खतरा माना जा रहा है. उन्होंने सैन्य उच्च कमान में अभी भी काफी प्रभाव रखा हुआ है. उनके पूर्व डिप्टी रुस्लान त्सालिकोव को मार्च में गिरफ्तार किया गया था.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m