जाजपुर। ओडिशा के जाजपुर जिले में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एनएच-53 पर बरदा चौक के पास बारातियों से भरी एक बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और यात्री वाहन के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर 10 लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 5 लोगों ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन में सवार दो बच्चे इस भीषण हादसे में सुरक्षित बच गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक, किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मृतकों की पहचान कांडा पूर्ति, नमिता नायक, गीता पूर्ति, बलमा मुंडा और मालती मुंडा के रूप में हुई है।

जाजपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या चालक को नींद आना माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H