कुंदन कुमार/पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार मंगलवार को अचानक पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही कार्यालय परिसर में हलचल तेज हो गई और वहां पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
20 मिनट का सघन मुआयना
नीतीश कुमार लगभग 20 मिनट तक पार्टी कार्यालय में रहे। इस दौरान उन्होंने केवल औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं, बल्कि कार्यालय के हर कोने का बारीकी से मुआयना किया। वे एक-एक कमरे में गए और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ पूर्व मंत्री अशोक चौधरी और विधान पार्षद संजय गांधी भी मौजूद रहे, जो पूरे भ्रमण के दौरान उन्हें विभिन्न विंग्स की जानकारी देते नजर आए।
विरासत को सहेजने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने कार्यालय के रखरखाव को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा, हमने इस कार्यालय को जिस स्वरूप में तैयार किया है, इसे वैसे ही संभाल कर रखें। उन्होंने पार्टी की इस ‘कार्यस्थली’ को व्यवस्थित और अनुशासित रखने पर जोर दिया, ताकि आने वाले समय में भी यह उसी भव्यता और गरिमा के साथ संचालित होता रहे।
कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह
अचानक अपने बीच पूर्व मुख्यमंत्री को पाकर जदयू कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आए। नीतीश कुमार ने भी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनकी सक्रियता पर संतोष जताया। राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को पार्टी के आंतरिक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

