Bihar Top News Today 06 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 06 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
ट्रक ने 10 ऑर्केस्ट्रा कलाकारों को रौंदा, 4 की मौत
छपरा। सारण जिले में आज बुधवार (6 मई) की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब आधा दर्जन लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल चारों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं कुछ घायलों की पहचान की गई है, जो कि यूपी के बलिया जिला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
सब-रजिस्ट्रार पर गिरा EOW का गाज
सुपौल। बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को आगे बढ़ाते हुए आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार की अलसुबह EOW की टीम ने सुपौल के जिला अवर निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) अमरेंद्र कुमार के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए उनके पटना, सुपौल और सारण स्थित चार विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के पुख्ता प्रमाण मिलने के बाद की गई है।
अनंत सिंह समेत 9 के खिलाफ दर्ज की FIR
Anant Singh News: मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ने वाली है। दरअसल गोपालगंज जिले की मीरगंज थाना पुलिस ने अनंत सिंह समेत 9 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो से जुड़ा हुआ है, जिसमें अनंत सिंह एक कार्यक्रम के दौरान नाच देख रहे हैं। वहीं, उनके समर्थक खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते हुए नोट उड़ाते दिख रहे हैं।
क्लासरूम में लोहे की ग्रिल से दबकर छात्र की मौत
बेगूसराय। जिले के एक विद्यालय प्रशासन की घोर लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के राजकीय कृत मध्य विद्यालय, जहानपुर में कक्षा के भीतर रखे लोहे के सरिए का बंडल गिरने से एक आठवीं कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।
पटना में तेज बारिश के साथ गिरे ओले, छाया अंधेरा
पटना। राजधानी पटना के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जिले में तेज बारिश के साथ कई जगहों पर ओले गिरे हैं। तेज आंधी के साथ अचानक ओले गिरने से लोग इधर-उधर छुपते नजर आए। वहीं, सड़क पर मौजूद लोग किसी तरह भागकर जान बचाते नजर आए। बता दें कि इस मौसम में यह पहली बार है, जब पटना में ओले गिरे हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने सारण जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 50-60 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की उम्मीद है।
मंत्री बनेंगे निशांत, शपथ के लिए कल यात्रा कैंसिल की
पटना। बिहार की राजनीति में एक बड़े युग का सूत्रपात होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहने के बाद, निशांत आखिरकार सरकार का हिस्सा बनने के लिए तैयार हो गए हैं। कल पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में वे मंत्री पद की शपथ लेंगे।
IRCTC घोटाला मामले में लालू परिवार को राहत नहीं!
पटना। भारतीय राजनीति और न्यायिक गलियारों में लंबे समय से चर्चित IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक बार फिर नया मोड़ आया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले को लेकर होने वाली सुनवाई अब टल गई है। अदालत अब इस मामले में अपना अंतिम फैसला 22 मई को सुनाएगी। गौर करने वाली बात यह है कि अदालत ने इस मामले में आरोप तय करने की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली थी और अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया था, लेकिन अब तारीख को आगे बढ़ा दिया गया है।
PM आ रहे पटना
पटना। बिहार की राजधानी कल एक ऐतिहासिक पल की गवाह बनने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पटना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे न केवल संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, बल्कि पटना की सड़कों पर एक विशाल रोड शो के जरिए जनता से रूबरू भी होंगे। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री का काफिला हवाई अड्डे से निकलकर हज भवन और भाजपा कार्यालय होते हुए आयकर गोलंबर पहुंचेगा। वहां से डाकबंगला चौराहा होते हुए पीएम का काफिला सीधे गांधी मैदान पहुंचेगा। इस पूरे रूट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की गई है, जहां प्रधानमंत्री पर फूलों की वर्षा की जाएगी।
पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर मांगी मौत की दुआ
वैशाली। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति अपनी पत्नी और ससुराल वालों के जुल्मों से इस कदर टूट चुका है कि वह बीच सड़क पर प्रदर्शन करने को मजबूर है। हाजीपुर के व्यस्त राजेंद्र चौक पर हाथ में पोस्टर लिए बैठे इस शख्स का दर्द देख हर कोई दंग है। वह न केवल खुद के लिए मौत मांग रहा है, बल्कि अन्य पुरुषों को भी शादी न करने की सलाह दे रहा है।
सड़क चौड़ीकरण का ग्रामीणों ने किया विरोध
नालंदा। जिले में विकास और जनहित के बीच टकराव की एक बड़ी तस्वीर सामने आई है। नूरसराय प्रखंड के जगदीशपुर-नारी तियारी गांव में प्रस्तावित ‘टूरिस्ट वे’ के निर्माण को लेकर प्रशासन और स्थानीय निवासियों के बीच गतिरोध इतना बढ़ गया कि मौके पर भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बिना किसी पूर्व सूचना के खेतों में बुलडोजर उतरते देख ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया, जिसके बाद काम को बीच में ही रोकना पड़ा।
ग्रामीणों का सबसे बड़ा आरोप यह है कि प्रशासन ने बिना किसी लिखित नोटिस या पूर्व सूचना के अचानक निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जैसे ही भारी मशीनें और कर्मी खेतों में पहुंचे, महिलाएं और पुरुष विरोध में उतर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सहमति के बिना उनकी निजी संपत्ति और आजीविका के एकमात्र साधन उनके खेतों को नष्ट करने की कोशिश की जा रही है। मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नूरसराय थाना पुलिस और अंचलाधिकारी (सीओ) दीपक कुमार को पहुंचना पड़ा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

