सिरसा के गांव कुरंगांवाली में झोरड़ खाप की बैठक में सरकार की रोजगार नीतियों की आलोचना की गई और खाली पदों को तुरंत भरने की मांग उठाई गई।
श्रवण प्रजापति, सिरसा। जिले के गांव कुरंगांवाली में झोरड़ खाप की एक महत्वपूर्ण मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शिरकत करने पहुंचे झोरड़ खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद झोरड़ का ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बैठक के दौरान राज्य में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। खाप अध्यक्ष ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिससे शिक्षित युवाओं में भारी निराशा है।

लाखों पद रिक्त और अधर में युवाओं का भविष्य
बैठक को संबोधित करते हुए विनोद झोरड़ ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार हरियाणा के सरकारी विभागों में लगभग 1.8 लाख से 2 लाख तक पद खाली पड़े हैं। उन्होंने विस्तार से बताया कि शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और पंचायती राज जैसे महत्वपूर्ण विभाग स्टाफ की भारी कमी से जूझ रहे हैं। एक ओर लाखों पद रिक्त हैं और दूसरी ओर काबिल युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। सरकार की उदासीनता के कारण भर्तियां वर्षों से लंबित हैं और जब भी कोई प्रक्रिया शुरू होती है, तो वह पेपर लीक या कोर्ट केस की भेंट चढ़ जाती है।
बैठक में मौजूद लोगों की मांगें
इस अवसर पर महासचिव सुभाष झोरड़, पूर्व सरपंच मखन सिंह झोरड़, पूर्व सरपंच इकबाल सिंह, पूर्व सरपंच जसपाल सिंह और नंबरदार जसवंत सिंह झोरड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा बुध सिंह खालसा, शगनजीत सिंह, जसवीर सिंह, मगर सिंह, राज सिंह, गंढा सिंह, रामकुमार, इंद्रपाल सिंह, गमदूर सिंह, जगसीर सिंह, रवींद्र पाल, साहेब सिंह, अमरीक सिंह, सेवक सिंह, पाला सिंह, गुरनाम सिंह और जगजीत सिंह कुरंगावाली सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। खाप ने स्पष्ट किया कि कौशल विकास केंद्रों को भी निजी क्षेत्र के लिए युवाओं को बेहतर ढंग से तैयार करना चाहिए ताकि बेरोजगारी की समस्या को जड़ से समाप्त किया जा सके।

