प्रवीण भारद्धाज, पानीपत। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने गुरुवार को पानीपत में जनता दरबार लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं और विपक्ष पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की राजनीति को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था अब अपराधियों के लिए काल बन चुकी है। ढांडा ने दावा किया कि आज के दौर में यदि कोई अपराधी फोन पर किसी को धमकी देने की हिम्मत करता है, तो वह अगले 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे होता है।
दीपेंद्र हुड्डा के आरोपों पर पलटवार
कांग्रेसी नेता सचिन कुंडू को मिली धमकी और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के आरोपों पर पलटवार करते हुए ढांडा ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी की सरकार में बदमाशी और गुंडागर्दी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों को कड़ा सबक सिखाया जाएगा। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने हमेशा डर और गैंगवार की राजनीति के जरिए सत्ता हथियाने का काम किया है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर दिया बयान
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बेबाकी से राय रखते हुए महिपाल ढांडा ने ममता बनर्जी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि ममता दीदी ने मां, माटी और मानुष के नाम पर लोगों को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कम्युनिस्टों के 34 साल के शासन ने राज्य को बर्बाद किया और उसके बाद ममता सरकार के दौरान निर्दोषों की हत्याएं हुईं। ढांडा ने कहा कि वहां भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं का नरसंहार किया गया और महिलाओं के साथ अत्याचार हुए, जिसका जवाब अब वहां की जनता जागरूक होकर दे रही है।
बिजली, पानी और पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निपटारा
जनता दरबार के दौरान मंत्री ने बिजली, पानी और पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निपटारा किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी नागरिक को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें। ढांडा ने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

