Bihar Top News Today 07 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 07 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

पुलिस से खफा हुए बाहुबली अनंत सिंह

पटना। बिहार की राजनीति में ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनकी नाराजगी अपनी ही सरकार (NDA) के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अधीन आने वाले पुलिस प्रशासन से है। गोपालगंज पुलिस द्वारा दर्ज की गई एक FIR ने अनंत सिंह को इस कदर नाराज कर दिया है कि उन्होंने सीधे पुलिस कप्तान (SP) को ही निशाने पर ले लिया। ​पूरा मामला 2 और 3 अप्रैल का है, जब अनंत सिंह गोपालगंज के मीरगंज स्थित सेमराव गांव में गुड्डू राय के घर आयोजित एक जनेऊ संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस निजी कार्यक्रम में मेहमानों के मनोरंजन के लिए नाच-गाने (मुजरा) का आयोजन किया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अनंत सिंह मुजरे का आनंद लेते और तालियां बजाते नजर आए। विवाद तब बढ़ा जब कार्यक्रम में मौजूद उनके समर्थकों द्वारा खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया।

लैंडिंग से पहले टर्बुलेंस में फ्लाइट

पटना। ​गुरुवार को पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बची। खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण विमान लैंडिंग से ठीक पहले जबरदस्त टर्बुलेंस (झटकों) की चपेट में आ गया। विमान में सवार यात्रियों के लिए यह अनुभव किसी बुरे सपने जैसा था, लेकिन केंद्रीय मंत्री और अनुभवी पायलट राजीव प्रताप रूडी की सूझबूझ ने सभी की जान सुरक्षित बचा ली।​ पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की तैयारी के दौरान अचानक मौसम बिगड़ गया। विमान को हवा में ऐसे झटके लगे कि अंदर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। कई यात्री अपनी सीटों से उछलने लगे और डर के मारे विमान के भीतर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों को लगा कि अब कोई अनहोनी तय है। विमान में सवार लोगों ने बताया कि उन कुछ मिनटों में मौत उनके बेहद करीब महसूस हो रही थी।

शपथ से पहले निशांत ने छुए पिता नीतीश कुमार के पैर

बिहार में आज सम्राट कैबिनेट का विस्तार हुआ। 32 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। PM मोदी भी इसमें शामिल हुए। निशांत कुमार पिता नीतीश कुमार और ललन सिंह से आशीर्वाद लेने के बाद गांधी मैदान पहुंचे। PM के लिए पटना में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए। शपथ से पहले हुई बारिश में गांधी मैदान में पानी भर गया। 300 सफाई कर्मचारियों की मदद से इसे क्लियर किया गया।
मंच पर पहुंचे नीतीश कुमार भीड़ की ओर इशारा करते हुए तिलक के बारे में पूछने लगे। उन्होंने डिप्टी CM बिजेंद्र यादव के कंधे पर हाथ रखा, फिर विजय सिन्हा के कंधे पर हाथ रखकर उनका हाल लिया। इस दौरान निशांत कुमार मंच पर ही पिता के पैर छूते दिखे।

सम्राट के 32 मंत्रियों ने ली शपथ

पटना। पटना के ऐतिसाहासिक गांधी मैदान में बिहार कैबिनेट का विस्तार शुरू हो गया है। मंच पर सीएम सम्राट चौधरी , दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव मौजूद हैं। इसके साथ ही मंच पर गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी व जदयू के दिग्गज नेता मौजूद है। निशांत कुमार, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवा और लेसी सिंह समेत अन्य नेताओं ने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, संतोष कुमार सुमन और रमा निषाद ने एक साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर और अशोक चौधरी ने एकसाथ मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली।

पवन सिंह को दूसरी शादी नहीं करने दूंगी: ज्योति

पटना। ​भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने अपने वैवाहिक जीवन के कड़वे अनुभवों को साझा करते हुए पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्योति का कहना है कि वे पवन सिंह को इतनी आसानी से किसी और लड़की की जिंदगी बर्बाद नहीं करने देंगी। ​ज्योति सिंह ने पवन सिंह की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें ऐसी लड़की पसंद है जो घूंघट में रहे और जिसे मोबाइल चलाना न आता हो। ज्योति के अनुसार, “पवन जी चाहते हैं कि पति चाहे मां-बहन की गाली दे, लेकिन पत्नी सिर झुकाकर सुनती रहे और पलटकर जवाब न दे। उन्होंने कई लड़कियों की जिंदगी खराब की है और अब मैं चुप नहीं बैठूंगी।”

सांसद ने PM से की एनर्जी ड्रिंक्स पर कानून की मांग

बक्सर। जिले के सांसद सुधाकर सिंह ने देश में एनर्जी ड्रिंक्स के अनियंत्रित प्रसार और युवाओं के स्वास्थ्य पर इसके घातक परिणामों को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने इन ड्रिंक्स को ‘धीमा जहर’ करार देते हुए चेतावनी दी कि ‘हमेशा एक्टिव’ दिखने की चाहत में युवा पीढ़ी गंभीर बीमारियों की ओर बढ़ रही है। ​सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और सोशल मीडिया पर खुद को ऊर्जावान दिखाने का दबाव युवाओं को इन ड्रिंक्स का आदी बना रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये पेय शरीर को वास्तविक ऊर्जा नहीं देते, बल्कि कैफीन की भारी मात्रा से मस्तिष्क को केवल कुछ समय के लिए उत्तेजित करते हैं।

पति दवा खाकर बनाता है संबंध, तलाक चाहिए’

पटना। ​बिहार के परसा थाना क्षेत्र का एक मामला राज्य महिला आयोग के सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तलाक की गुहार लगाई है। आवेदिका का आरोप है कि उसका पति न केवल शराब का आदी है, बल्कि वह नशीली दवाएं खाकर शारीरिक संबंध बनाता है और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट करता है। ​पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसका पति नशे का पुराना आदी है। ससुराल वालों ने विवाह से पूर्व यह सच छिपाया था कि उनके बेटे को नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा जा चुका है। शादी के एक साल बाद पति ने दोबारा नशा शुरू कर दिया। वह रोज रात शराब के नशे में घर लौटता, मारपीट करता और अगली सुबह ‘गलती हो गई’ कहकर माफी मांग लेता।

मिलने के लिए बुलाया, होटल ले जाकर रेप किया

मुजफ्फरपुर। जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को दरिंदगी का शिकार होने से बचा लिया। अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित आर.एस. होटल एंड रेसीडेंसी में बुधवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर एक युवती को सुरक्षित निकाला और मौके से उसके आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। ​पीड़िता के अनुसार, सिवाई पट्टी निवासी सुजीत कुमार के साथ उसका पिछले ढाई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया। बुधवार को सुजीत ने युवती को मिलने के बहाने बुलाया और उसे लेकर अहियापुर के इस होटल में पहुंचा। होटल के रजिस्टर में आरोपी ने युवती को अपनी पत्नी बताया और कमरा बुक किया।

दो पुलिस अफसरों का विवाद पहुंचा CJM कोर्ट से मुख्यालय

पटना/मुजफ्फरपुर। बिहार पुलिस की स्पेशल ब्रांच में पिछले दो वर्षों से सुलग रही विवाद की चिंगारी अब पटना पुलिस मुख्यालय की दहलीज तक जा पहुंची है। मुजफ्फरपुर स्पेशल ब्रांच में तैनात एक इंस्पेक्टर और सब-इन्स्पेक्टर के बीच चल रहे इस हाई-प्रोफाइल विवाद का संज्ञान लेते हुए मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। आज, 7 मई 2026 (गुरुवार) को मुख्यालय ने दोनों पक्षों को आमने-सामने की सुनवाई के लिए पटना तलब किया है।

राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

पटना। बिहार में राजस्व कर्मचारियों की 86 दिनों से चली आ रही हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। विभाग और कर्मचारी संघ के बीच बनी सहमति के बाद अब आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है। ​बिहार में जमीन-जायदाद के कार्यों और जरूरी प्रमाणपत्रों के लिए भटक रहे आम लोगों के लिए सुखद खबर है। पिछले 86 दिनों से जारी राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह और कर्मचारी संघ के बीच हुई सफल वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया। सोमवार से सभी कर्मचारी अपने कार्यालयों में योगदान देंगे, जिससे ठप पड़ी प्रशासनिक व्यवस्था फिर से पटरी पर लौटेगी।