Bihar Top News Today 08 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
TRE-4 कैंडिडेट्स को पीटा
पटना। राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया है। पुलिस ने अभ्यर्थियों को जमकर पिटा है। दरअसल जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़क पर उतरे हुए थे, इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठिचार्ज कर दिया। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की सूचना है।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने संभाला पदभार
पटना। बिहार में कैबिनेट का विस्तार और विभागों का बंटवारा होने के बाद आज 8 मई को एनडीए के मंत्री सुबह से ही अपने-अपने कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल रहे हैं। इसी क्रम में जदयू नेता और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी आज स्वास्थ्य विभाग पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया।
जीविका दीदियों को जल्द दूसरी किश्त भेजी जाएगी’
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन और कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की कमान संभाल ली है। शुक्रवार को सचिवालय में गहमागहमी रही, जहां ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और मद्य निषेध जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्रियों ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कुर्सी संभालते ही महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि ‘जीविका दीदियों’ को जल्द ही सहायता राशि की दूसरी किश्त भेजी जाएगी। सरकार कुल ₹2 लाख का भुगतान पांच किश्तों में करेगी। इसके अलावा, जो दीदियां अपना स्वरोजगार शुरू करना चाहती हैं, उन्हें सरकार की ओर से ₹10 लाख तक की वित्तीय मदद दी जाएगी।
मिड-डे मील खाने से दर्जनों बच्चे बीमार
सहरसा। जिले में मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार दूसरे दिन स्कूली बच्चों के बीमार होने की घटना ने प्रशासन और शिक्षा विभाग की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला सौरबाजार प्रखंड के कन्या मध्य विद्यालय, मुरचा का है, जहां शुक्रवार को दोपहर का भोजन करने के बाद अचानक बच्चों की स्थिति बिगड़ने लगी। स्कूल में भोजन परोसे जाने के कुछ ही देर बाद एक दर्जन से अधिक बच्चों ने पेट दर्द, जी मिचलाने और उल्टी की शिकायत की। देखते ही देखते स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद बच्चों और उनके अभिभावकों का आरोप है कि परोसी गई सब्जी में सांप का कांटा और उसके शरीर का हिस्सा पाया गया था। यह खबर फैलते ही स्कूल में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
3 ऑर्केस्ट्रा कलाकारों की मौत
छपरा। सारण जिले के छपरा में एक बार फिर आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। लगातार दूसरी बार हुए इस हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। खास बात यह है कि दो दिन पहले यानी 6 मई को भी आर्केस्ट्रा टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और देर रात यात्रा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पटना में तेज आंधी के साथ बारिश, ओले भी गिरे
पटना। बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। शुक्रवार को राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई। पिछले दस दिनों से जारी इस मौसमी बदलाव ने लोगों को भीषण गर्मी से तो राहत दी है, लेकिन आंधी और बिजली गिरने से नुकसान की खबरें भी सामने आ रही हैं। वर्तमान में राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40°C के नीचे बना हुआ है।
चलती बस में छात्रा से छेड़खानी
मुजफ्फरपुर। बिहार में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पटना से परीक्षा देकर मुजफ्फरपुर लौट रही एक छात्रा के साथ चलती बस में छेड़खानी और शारीरिक उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोपी बस कंडक्टर ने ढाई घंटे के सफर को छात्रा के लिए एक भयावह दुःस्वप्न बना दिया। छात्रा की हिम्मत और परिजनों के सहयोग से अब यह मामला पुलिस के पास पहुंच चुका है। पीड़िता मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र की निवासी है। बुधवार को वह अपनी परीक्षा देने पटना गई थी। शाम को लौटते समय उसने एक निजी बस पकड़ी। चश्मदीदों और पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, जब बस वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के पास पहुंची, तभी बस के कंडक्टर ने छात्रा पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते कंडक्टर अपनी मर्यादा लांघ गया और उसने छात्रा को कई बार गलत तरीके से छूने की कोशिश की।
कॉलेज छात्र की सीने में मारी गोली
पटना। शहर के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कोठिया गांव में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने एक कॉलेज छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी। गुरुवार देर रात हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और स्थानीय ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय हर्ष उर्फ यश कुमार के रूप में हुई है, जो राजू यादव का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, हर्ष रात का खाना खाकर अपने घर पर ही था। तभी पड़ोसी गांव महमदपुर के चार युवकों ने उसे फोन कर मिलने के लिए बाहर बुलाया। जान-पहचान के युवक होने के कारण हर्ष बिना किसी संदेह के उनके साथ चला गया। अपराधी उसे पास के एक सुनसान खेत में ले गए और वहां उसके सीने में सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष का अश्लील VIDEO वायरल
Nawada Viral Video: बिहार के नवादा में भाजपा नेता का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर इस समय तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिले की सियासत गर्म हो गई है। वायरल वीडियो में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनोद सिंह उर्फ भोली सिंह एक महिला डांसर के साथ अश्लील डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ऐसा दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो किसी निजी कार्यक्रम का है, जहां भाजपा नेता एक लड़की को अपनी गोद में बिठाकर डांस कराते हुए नजर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि इस महफिल में वो अकेले नहीं थे, उनके साथ कई और भी स्थानीय बीजेपी नेता साथ थे, जो इस अश्लील नाच का लुफ्त उठाते हुए नजर आ रहे हैं। भाजपा नेता के गोद में लड़की नचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला नेता करोड़पति मंत्रियों की लिस्ट में शामिल
पटना। बिहार में सम्राट सरकार के कैबिनेट का विस्तार पूरा हो गया है। इसके साथ ही मंत्रियों के बीच विभागों का भी बंटवारा हो गया है। वहीं, अब मंत्रियों ने अपने संपत्ति का जो ब्यौरा दिया है, उसमें सबसे अमीर बीजेपी से मंत्री रमा निषाद हैं, तो सबसे गरीब मंत्री लोजपा आर के संजय कुमार हैं। सबसे अमीर मंत्री रमा निषाद के पास 31.86 करोड़ रुपए की संपत्ति है, तो वहीं, लोजपा आर के मंत्री संजय कुमार के पास 23.85 लाख की संपत्ति है। रमा निषाद के बाद स्वेता गुप्ता के पास 29.24 करोड़ की संपत्ति है। वहीं, अशोक चौधरी के पास 22.39 करोड़, शिला कुमारी के पास 9.50 करोड़, दिलीप जायसवाल के पास 9.33 करोड़ की संपत्ति है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

