अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एक क्लिक… और मोबाइल पर कब्जा, शादी का निमंत्रण समझकर जैसे ही ग्रामीण ने मोबाइल में आई APK फाइल खोली, उसका मोबाइल हैक हो गया। अब डर था कि कहीं अगले कुछ मिनटों में बैंक खाते से उसकी मेहनत की कमाई भी साफ न हो जाए। लेकिन ग्रामीण ने घबराकर कोई गलती करने के बजाय सीधे बुढार थाने का दरवाजा खटखटाया, यहां थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना वक्त गंवाए ऐसा कदम उठाया कि साइबर ठग खाते तक पहुंच पाते, उससे पहले ही ग्रामीण की रकम सुरक्षित हो गई। 

READ MORE: विदेश में नौकरी का सपना पड़ा भारी! फर्जी वीजा थमाकर ठगे 12.65 लाख रुपये; पन्ना पुलिस ने UP और दिल्ली से दबोचे शातिर ठग

बुढार थाना क्षेत्र के खमरौध निवासी सुनील कुमार पाठक के मोबाइल पर शादी के आमंत्रण के नाम से एक APK फाइल भेजी गई थी। सुनील ने इसे शादी का डिजिटल कार्ड समझकर जैसे ही फाइल खोली, उनका मोबाइल संदिग्ध तरीके से हैक हो गया। मोबाइल के साथ बैंकिंग जानकारी और खाते से जुड़ी गतिविधियों को लेकर आशंका बढ़ने पर वे घबरा गए और तत्काल बुढार थाने पहुंचे। 

सुनील ने थाना प्रभारी संजय जायसवाल को पूरी घटना बताई। मामले की गंभीरता समझते हुए टीआई ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उन्होंने ग्रामीण के मोबाइल से सिम कार्ड निकलवाकर उसे थाने के एक पुलिसकर्मी के मोबाइल में लगाया और बैंक खाते से संबंधित जरूरी सुरक्षा कदम उठवाए। समय रहते खाते सुरक्षित कर दिए जाने से साइबर ठग ग्रामीण के बैंक खाते तक पहुंच बनाकर रकम निकालने में सफल नहीं हो सके। 

READ MORE: MP सड़क हादसे में 3 मौतः दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी कार, सभी मृतक राजस्थान सीकर निवासी

थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी अनजान APK फाइल, लिंक या संदिग्ध दस्तावेज को बिना जांचे-परखे ओपन न करें। खासकर शादी के कार्ड, बिजली बिल, बैंक अपडेट, केवाईसी या सरकारी दस्तावेज के नाम पर भेजी जाने वाली फाइलों से सावधान रहें। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m