प्रतीक पटनायक, धमतरी। जिले के भखारा स्थित शासकीय आईटीआई परिसर में विकसित किया गया ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ अब धीरे-धीरे अपने खूबसूरत स्वरूप में नजर आने लगा है। इस उद्यान में लगाए गए औषधीय, फलदार और छायादार पौधे अब बढ़ने लगे हैं, जिससे पूरे परिसर में हरियाली दिखाई देने लगी है।
कभी खाली नजर आने वाला आईटीआई परिसर अब व्यवस्थित पौधरोपण और हरियाली के चलते आकर्षण का केंद्र बन रहा है। पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से विकसित किए गए इस उद्यान में अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। पौधों के विकसित होने के साथ ही आने वाले समय में यह स्थान विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों के लिए प्रकृति के करीब समय बिताने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उपयोगी स्थल बन सकता है।


बताया गया है कि करीब 31 लाख रुपए की लागत से निर्मित ‘ऑपरेशन सिंदूर उद्यान’ का लोकार्पण अप्रैल माह में क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने किया था। इसी दौरान मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत लाइवलीहुड भखारा-भठेली केंद्र का उद्घाटन भी किया गया और युवाओं को प्रशिक्षण किट प्रदान की गई। इस पहल के जरिए एक ओर जहां पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसरों को भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


