अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद शहर स्थित नारोल क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नारोल के उन्मेद रोड पर स्थित ‘शांति शुक्र सोसाइटी’ में मंगलवार को लिफ्ट में फंसने से कक्षा 7 में पढ़ने वाले 12 साल के मासूम छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके और सोसाइटी में सन्नाटा व मातम का माहौल है। वहीं, रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल हो गया है।

स्कूल से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

मृतक बच्चे की पहचान हिमांशु उर्फ अंश बघेल (12) के रूप में हुई है, जो शांति शुक्र सोसाइटी में ही अपने परिवार के साथ रहता था। नारोल थाने के पीआई जे.बी. अग्रावत के अनुसार, अंश मंगलवार सुबह हमेशा की तरह स्कूल गया था। दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद वह नीचे कुछ सामान लेने गया था। वहां से लौटकर वह चौथी मंजिल पर स्थित अपने घर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुआ।

जैसे ही लिफ्ट चौथी मंजिल पर पहुंची, अचानक किसी तकनीकी खराबी या जल्दबाजी के कारण बच्चे का गला लिफ्ट के दरवाजे या गैप में बुरी तरह फंस गया। लिफ्ट की अचानक हलचल से बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

रेस्क्यू से पहले ही तोड़ा दम

घटना की सूचना दोपहर करीब 3:40 बजे फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक सोसाइटी के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को लिफ्ट से बाहर निकाल लिया था, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

लिफ्ट के रखरखाव पर उठे गंभीर सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद सोसाइटी में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और समय पर मेंटेनेंस न होने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और लिफ्ट के अचानक चलने तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें