लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर दो पोस्ट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों को चुनौती दी. अखिलेश ने आरोप लगाया कि माफिया और बदमाश प्रदेश छोड़कर नहीं गए, बल्कि दूसरे राज्यों के गैंग यहां आकर हत्याएं कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- 2013 बैच की तेजतर्रार IAS दिव्या मित्तल ने दिया त्यागपत्र, सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट से हुआ खुलासा

माफिया चले गए? उल्टा गैंग आ गए

अखिलेश ने लिखा, “मुख्यमंत्री जी दावा करते रह गए कि माफिया-बदमाश उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए हैं. यहां तो उल्टा हो गया. दूसरे राज्यों के गैंग-बदमाश बीसों राउंड गोलियां चलाकर हत्या करते हुए उत्तर प्रदेश में आ गए हैं. उनकी गैंग का नाम भी उत्तर प्रदेश के किसी नामी-गिरामी से मिलता-जुलता है. ये रिश्ता क्या कहलाता… गोलियां अपने प्रदेश के एक निर्दोष युवा को ही नहीं, कोतवाली क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी मारी गई हैं.”

उन्होंने कहा कि बेखौफ हत्यारों के हौसले सातवें आसमान पर इसलिए हैं क्योंकि उन्हें सत्ता सजातियों को प्रश्रय देकर बचाने वाला और झूठे एनकाउंटर करवाकर पुलिस को भ्रष्ट बनाने वाला भाजपा शासन अपना-सा लगता है. गुनाहों में ‘किसी’ की साझेदारी है, इसीलिए इतनी बेशर्म पर्दादारी है.

ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम का केस

एक अन्य पोस्ट में अखिलेश ने ग्रेटर नोएडा में अल्पसंख्यक समाज की 6 साल की मासूम बच्ची के बलात्कार और हत्या के मामले को रूह कंपा देने वाला बताया. उन्होंने कहा, “इससे पूरे प्रदेश में हर बेटी के मां-बाप अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं. सवाल ये है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था इतनी लचर कैसे हो गई है कि अपराधी सत्ता से नहीं डर रहे हैं.”

सत्ता सजातियों के अपराध दबाए जा रहे

अखिलेश का आरोप है कि सत्ता सजातियों के हर अपराध को जिस तरह दबाया-छुपाया जा रहा है, उससे दूसरे अपराधियों के भी हौसले बुलंद हो रहे हैं. भाजपा ने अपने भ्रष्टाचार का दायरा इतना बढ़ा दिया है कि उसमें पुलिस को भी संलिप्त होने पर मजबूर कर दिया गया है. कुछ भ्रष्ट पुलिसकर्मी अपराधियों से सांठगांठ करके गुनाहों को पनाह दे रहे हैं. उन्होंने इसे घोर निंदनीय बताते हुए इंसाफ की मांग की.

इसे भी पढ़ें- दवा का नशा चढ़ा तो प्रेमी बन गया हैवान! दोबारा संबंध नहीं बनाने पर गर्लफ्रेंड की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

विपक्ष का हमला तेज

अखिलेश यादव के इन पोस्ट्स से विपक्ष ने फिर से योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधा है. सपा का कहना है कि दावों और हकीकत में जमीन-आसमान का फर्क है. सरकार की ओर से अभी इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.