अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के नवगछिया उप-मंडल के खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर गांव में कल रविवार की देर रात 2:30 बजे गंगा नदी का बांध टूट गया। बांध के टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से पूरे गांव में फैल गया। बाढ़ की चपेट में बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का आवास भी चपेट में आ गया है।

मंत्री बुलो मंडल ने लिया स्थिति का जायजा

बांध के टूटने और गांव में बाढ़ का पानी घुसने से घर और आस-पास के इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। गांव में बाढ़ का पानी घुसने की सूचना मिलते ही मौके पर मंत्री बुलो मंडल भी पहुंचे और कटाव का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत एंव सुरक्षा प्रदान कराने का निर्देश दिया।

युद्ध स्तर पर बचाव कार्य जारी- डीएम अलंकृता पांडे

मौके पर भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, धारा प्रवाह के करण कटाव से बाढ़ का पानी आ गया। बचाव राहत कार्य तेजी से कर दिया गया है जरूरत पड़ने पर राहत कार्य भी किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया कि, स्थिति नियंत्रण में है और युद्ध स्तर पर बचाव कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बाढ़ को लेकर किसी भी तरह की अफवाह से बचने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें- ‘निशांत ही असली उत्तराधिकारी’, उपेंद्र कुशवाहा के ‘भाई’ वाले बयान पर श्रवण कुमार का तगड़ा पलटवार