Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 02 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…..
सांसद पप्पू यादव पर चाकू से जानलेवा हमला
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर हमला हुआ है। उनपर यह हमला उस समय हुआ, जब वे दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई और उनपर चप्पल फेंका गया। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि, मैंने पहले ही कई FIR दर्ज कराई हैं… मेरे वकील भी यहां मौजूद हैं। मैं डरूंगा नहीं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है, तो मार दे। पढ़ें पूरी खबर…………….
बांका में आकाशीय बिजली गिरने से 5 की मौत
बिहार के बांका जिले में आज तेज बारिश के दौरान आसमान से मौत बनकर गिरी बिजली ने जमकर कहर बरपाया। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, 4 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 3 की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। घटना को लेकर पूरे जिले के लोगों में शोक और डर का माहौल बना हुआ है। पढ़ें पूरी खबर……………
जदयू नेता के घर 20 लाख की चोरी
नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र स्थित रूपसपुर गांव में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। महज 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस बार अज्ञात चोरों ने जनता दल (यू) के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व प्रवक्ता संजय कांत सिन्हा के पैतृक आवास को निशाना बनाते हुए लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। बताया जाता है कि संजय कांत सिन्हा का परिवार फिलहाल पटना में रहता है और रूपसपुर स्थित पैतृक मकान पिछले करीब एक सप्ताह से बंद था। पढ़ें पूरी खबर…………..
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत
मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर गांव में लापरवाही की एक बड़ी कीमत दो हंसते-खेलते परिवारों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है। यहां अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से चाचा और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और सावन की खुशियां पलभर में चीख-पुकार में बदल गईं। घटना मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव की है। पढ़ें पूरी खबर………..
बिहार में ईओ अधिकारी की हत्या
रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की कल शनिवार देर रात हत्या कर दी गई है। यह घटना उस समय घटी जब वे बीती देर रात अपनी कार से डेहरी से पटना लौट रहे थे। मृतक अधिकारी के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं। मामले में ईओ अधिकारी की पत्नी बबीता ने डेहरी के मौजूदा विधायक सोनू सिंह पर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाते हुए नार्को टेस्ट की मांग की है, जबकि पुलिस ने मामले में अधिकारी के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल की है। पढ़ें पूरी खबर……….
कुछ लोग छुपकर पी लेते हैं शराब- सीएम सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज रविवार (2 अगस्त को) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ कार्यक्रम में लोक भवन से जुड़े थे। इस अवसर पर सीएम सम्राट ने कहा कि, नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार की मजबूत नींव रखेंगे। सीएम ने कहा कि, बिहार में शराबबंदी से राजस्व का भले ही नुकसान हुआ है, फिर भी हमारे राज्य का आर्थिक विकास काफी हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि, भले ही कुछ लोग छुप कर बिहार में शराब पी लेते हों, पर सार्वजनिक स्थल पर पूर्ण शराबबंदी है। पढ़ें पूरी खबर…………….
रेप पीड़िता को पंचायत में चटवाया गया थूक
बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में बलात्कार की शिकार एक शादीशुदा महिला को न्याय देने के बजाय एक तथाकथित पंचायत में अमानवीय सजा दी गई। पंचों के तुगलकी फरमान के तहत पीड़िता से कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई और जमीन पर थूकफेंककर उसे जबरन चटवाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस हरकत में आई है। पढ़ें पूरी खबर…………..


