Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 14 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं। आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर………
नौकरी और मुआवजे के ऐलान से भरत तिवारी का परिवार नाखुश
भोजपुर एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों ने बिहार सरकार द्वारा ऐलान किए गए आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी के फैसले पर असहमति जाहिर की है। परिवार ने सबसे पहले एनकाउंटर में शामलि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें सजा दिलाने की मांग की है। इसके बाद सरकार द्वारा ऐलान किए गए सरकारी नौकरी और मुआवजे के प्रस्ताव पर वे विचार करेंगे। भरत तिवारी की मां आशा देवी ने कहा कि, पहले उन सभी लोगों की गिरफ्तारी होनी चाहिए, जो उनके बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने एनकाउंटर में शामिल सभी आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। पढ़ें पूरी खबर……………..
शराबबंदी पर चिराग पासवान का बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज शुक्रवार (14 अगस्त) को पटना पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने तेजस्वी के लोकभवन मार्च और शराबबंदी कानून को लेकर बड़ा बयान दिया। शराबबंदी कानून को लेकर उठ रहे सवालों पर चिराग ने साफ और स्पष्ट शब्दों में कहा कि, जिस उद्देश्य और सोच के साथ बिहार में शराबबंदी कानून को लागू किया गया था। वह उद्देश्य हासिल हुआ या नहीं? इसकी समीक्षा जरूर होनी चाहिए। सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। पढ़ें पूरी खबर……………
लालू यादव ने पूरा खजाना लूट लिया- डिप्टी सीएम
बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर उठ रहे सवाल पर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बड़ा बयान दिया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि, कई कानून पर कई रिपोर्ट आते हैं। क्या सभी कानून को हटा दिया जाए? जिसका जो मन हो वे करे, जिसको जो मन हो वे खाए…कोई मर्यादा का मतलब नहीं है। वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि तेजस्वी यादव का कहना है कि खजाना खाली हो गया है, उन्हें खुद 5 महीने बाद वेतन मिला है। इसपर डिप्टी सीएम ने कहा कि, तेजस्वी यादव को जितना ज्ञान है, वो उतना ही ना बोलेगा। आप लोग ये सवाल पूछकर उसे हाईलाइट कर रहे हैं। उसका पिता (लालू यादव) पूरा खजाना लूट लिया। घोटाला किया। पढ़ें पूरी खबर………….
अवैध संबंध के शक में पंच सदस्य के पति की हत्या
बिहार के गयाजी जिले में अवैध संबंध के शक में एक किसान की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामबचन ठाकुर (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनकी पत्नी प्रभा देवी मखदुमपुर ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-12 से पंच सदस्य हैं। यह सनसनीखेज वारदात अलीपुर थाना क्षेत्र के निमसर जिबरा गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के अनुसार, इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी की पहचान निमसर गांव निवासी अकलू दास के बेटे राहुल कुमार के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर…………
कुएं में उतरे पिता-पुत्र समेत 4 लोगों की मौत
बिहार के गयाजी जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां कुएं में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। चारों मृतक करीब 30 फीट गहरे कुएं के अंदर उतरे थे। इसी दौरान कुएं में मौजूद जहरीली गैस की वजह से उनका दम घुट गया और सभी की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। पूरा मामला जिले के डोभी प्रखंड स्थित करमौनी गांव का है। पढ़ें पूरी खबर…………
तेजस्वी ने सरकार द्वारा साइन किए गए MoU पर उठाए सवाल
बिहार की राजनीति में औद्योगिक निवेश को लेकर एक बार फिर घमासान मच गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार द्वारा हाल ही में साइन किए गए एमओयू (MoU) पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। सरकार का दावा है कि विभिन्न औद्योगिक समूहों के साथ लगभग 51,500 करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं। हालांकि, विपक्ष ने इन दावों की सत्यता और पारदर्शिता पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है। तेजस्वी यादव का मुख्य आरोप है कि परमाणु क्षेत्र में 22,500 करोड़ रुपये का निवेश करने वाली जिस कंपनी के साथ समझौता हुआ है, उसकी स्थापना महज पांच महीने पहले फरवरी 2026 में हुई थी। पढ़ें पूरी खबर………..
सीएम सम्राट ने की राहुल गांधी से माफी की मांग
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम सम्राट ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जिस तरह की अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग आपने किया, वह किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि, राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मर्यादा, भाषा और लोकतांत्रिक संस्कारों से समझौता नहीं किया जा सकता। देश आपसे अमर्यादित आचरण के लिए सार्वजनिक माफी की अपेक्षा करता है। पढ़ें पूरी खबर…………….
मुजफ्फरपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस ने मानव तस्करी और अवैध देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और बंधक बनाई गई दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार छापेमारी और आगे की जांच जारी है। पढ़ें पूरी खबर…………
युवक की गोली मारकर हत्या
भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान तेतरी गांव निवासी बरुण राय के 30 वर्षीय बेटे राहुल राय के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण आपसी गुटीय संघर्ष और नशे से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…………


