Bihar Top News Today : बिहार (BIHAR) में आज 17 सितंबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर……….
CM रिलीफ फंड में 3 महीने की सैलरी देंगे नितिन नबीन
बिहार में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने राज्यसभा सांसद के तौर पर मिलने वाले अपने तीन महीने के वेतन की पूरी राशि यानी 6 लाख 35 हजार रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष में देने का ऐलान किया है। नितिन नबीन ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों तक राहत और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। गौरतलब है कि इस समय राज्य के 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे करीब 45 लाख से अधिक की आबादी बुरी तरह प्रभावित है। पढ़ें पूरी खबर……….
अनंत सिंह बोले- नीरज कुमार को हराऊंगा चुनाव
बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर जेडीयू नेता नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ कहा है कि वह पार्टी या नीतीश कुमार के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि उनका सीधा विरोध नीरज कुमार से है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार का नार्को टेस्ट कराने की मांग करते हुए उनकी जमानत जब्त कराने का दावा किया है। जदयू विधायक अनंत सिंह पार्टी की बैठक में शामिल नहीं हुए। उन्होंने एमएलसी नीरज कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीरज ने चुनाव में उनके खिलाफ काम किया, घर पर पुलिस रेड करवाई और उन्हें जेल भिजवाया। अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पार्टी के सिंबल पर लड़ा जाने वाला चुनाव नहीं था, बल्कि वह पार्टी से भी लड़ते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वह हर उस व्यक्ति का विरोध करेंगे जिसने चुनाव के दौरान उनके खिलाफ साजिश रची थी। पढ़ें पूरी खबर…………..
पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी
पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एक अज्ञात ईमेल के जरिए यह धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह हरकत में आ गईं। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और मुख्य द्वार को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सुरक्षा बलों और बम डिस्पोजल स्क्वाड द्वारा इस समय परिसर के चप्पे-चप्पे पर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पढ़ें पूरी खबर……………
जदयू के विधायकों-MLC को मिला प्रशिक्षण
जदयू की ओर से आज सभी विधायकों और एमएलसी की एक बड़ी बैठक बुलाई गई थी। बैठक में एक-दो को छोड़कर पार्टी के लगभग सभी विधायक और एमएलसी पहुंचे, जहां उन्हें बाहर से आए संसदीय कार्यप्रणाली के विशेषज्ञों द्वारा सदन की जटिल प्रक्रियाओं, सरकार से तीखे और सटीक सवाल पूछने, जवाब देने के तौर-तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही सदन में अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण मुद्दों को विधानसभा या विधान परिषद में पूरी प्रभावशीलता के साथ उठाने का भी प्रशिक्षण दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर………
छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट
भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के मिठहां गांव (वार्ड 12) में अंधविश्वास और 12 साल पुरानी रंजिश के चलते एक छोटे भाई ने रिश्तों का कत्ल करते हुए अपने ही बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। लाठी-डंडों से किए गए इस ताबड़तोड़ हमले में 73 वर्षीय हीरा लाल राम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक पिछले करीब 25 वर्षों से ओझाई (झाड़-फूंक) का काम करते थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। पढ़ें पूरी खबर………….
भीषण सड़क हादसे में 3 की मौत, दो घायल
कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां, बघीनी और बहदुरा गांव के बीच नटीनिया माई के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क किनारे पानी से भरे बहाव में जा गिरे। इस हादसे में एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बघीनी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ विकास चौधरी, पिता स्वर्गीय अवधेश चौधरी, बिट्टू कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता रामाशंकर चौधरी और दिलखुश राय, उम्र करीब 16 वर्ष, पिता जैनुद्दीन राय के रूप में बताई गई है। पढ़ें पूरी खबर………………………
पीएम मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट करने पर राजद नेता गिरफ्तार
पीएम मोदी के जन्मदिन पर उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट डालना राजद नेता को भारी पड़ गया। मामले में आज शुक्रवार को कासिम बाजार थाना पुलिस ने मुंगेर के राजद महानगर अध्यक्ष जुनैद मकबूर को उन्हें उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने राजद नेता के उस मोबाइल को भी जब्त कर लिया है, जिससे कथित तौर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट किया गया था। पढ़ें पूरी खबर………….



