Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 23 सितंबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर……………

बिहार में फिर से चुनाव कराने की मांग

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों की आपत्ती वाली रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग और भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नमूना बताया और कहा कि, बीजेपी देश के संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश को बर्बाद कर रहे हैं। CEC को बीजेपी का संरक्षण प्राप्त है और चुनाव आयोग मनमाने ढंग से बीजेपी के लिए काम कर रहा है। इसके साथ ही तेजस्वी ने कहा कि, बिहार-बंगाल का चुनाव फर्जीवाड़ा है, यहां दोबारा चुनाव कराया जाए। पढ़ें पूरी खबर…………

पटना में बनेगा मां सीता महिला विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज (23, सितंबर) बुधवार को चल रही कैबिनेट की अहम बैठक में कुल 24 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। कैबिनेट की इस बैठक में बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में दो नए विश्वविद्यालयों की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। बैठक में पटना में मां सीता महिला विश्वविद्यालय और बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके लिए 15 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। पढ़ें पूरी खबर………….

जदयू ने 4 सीटों पर उतारे उम्मीदवार

बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर होने वाले चुनावों को लेकर राज्य का सियासी पारा काफी हाई हो चुका है। इसी सियासी हलचल के बीच सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने आज बुधवार को चार महत्वपूर्ण सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। जदयू की ओर से जारी इस सूची में पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों पर भी भरोसा जताया है। जदयू ने ​पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार, ​तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, ​सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर और ​दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट दिया है। पढ़ें पूरी खबर…………………

हरीश द्विवेदी बने बिहार के नए प्रदेश प्रभारी

भाजपा ने आज बुधवार (23 सितंबर) को संगठन के स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी ने विभिन्न राज्यों के लिए प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों के नामों का ऐलान किया है। बिहार बीजेपी के लिए भी इस संगठनात्मक बदलाव में अहम फैसला लिया गया है। पार्टी ने हरीश द्विवेदी को बिहार का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ रोहन गुप्ता और संगीता यादव को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है। पढ़ें पूरी खबर……………..

 बेतिया सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत

बेतिया जिले से एक बड़ी दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां आज बुधवार की दोपहर पश्चिमी चंपारण के लौरिया बेतिया एनएच-727 पर जिरिया बंगाली माई मंदिर के समीप अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ट्रक लौरिया से बेतिया की ओर जा रहा था, जबकि बाइक विपरीत दिशा से आ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। पढ़ें पूरी खबर………………..

बिहार SI भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द

बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दरोगा (SI) भर्ती मुख्य परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह परीक्षा भारी प्रशासनिक गड़बड़ियों और धांधली की शिकायतों के चलते रद्द की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान व्यवस्था में भारी चूक और गड़बड़ी की बात सामने आई थी। परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठने के बाद आयोग ने यह कठोर कदम उठाया है। पढ़ें पूरी खबर………….

बहन को गोली मार सिपाही ने की खुदकुशी

पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज स्थित मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने कथित तौर पर अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ​यह दुखद घटना मिथिला कॉलोनी में ब्रजेश सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर घटी। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय ओमचंद्र उर्फ सोनू (बिहार पुलिस के सिपाही, मोतिहारी में तैनात) और उसकी 21 वर्षीय बहन गायत्री देवी के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर………………………..