Bihar Top News Today: बिहार (BIHAR) में आज 3 नवंबर 2026 को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर……………

बिहार में नदियों की गाद से बनेंगी सड़कें

बिहार में अब नदियों से निकलने वाली गाद (सिल्ट) का इस्तेमाल राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण में किया जाएगा। इसको लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में बिहार और केंद्र सरकार के बीच समझौता हुआ है। इस पहल को ‘नदी संजीवनी’ नाम दिया गया है। आज मंगलवार को नई दिल्ली में सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में इस योजना को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किया गया। इस समझौते के तहत बिहार की 27 सड़क परियोजनाओं में करीब 835 लाख घन मीटर गाद के इस्तेमाल का प्रस्ताव है। पढ़ें पूरी खबर……..

देश राहुल गांधी की पैृतक जागीर नहीं- गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री और तेज-तर्रार भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि देश कानून और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान के मुताबिक चलेगा, न कि किसी की व्यक्तिगत जागीर के इशारों पर। केंद्रीय मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब देश की राजनीति में विभिन्न मुद्दों को लेकर घमासान मचा हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह राहुल गांधी की कोई पैतृक जागीर नहीं है कि वे जब चाहें तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जेल भेजने की खुली धमकी देते फिरें। ऐसी बातें केवल राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए की जाने वाली बचकानी और गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी हैं। पढ़ें पूरी खबर………………

मधुबनी में एएसआई द्वारा फायरिंग में 2 की मौत

मधुबनी जिल के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ इलाके में पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) चंदमोहन सिंह द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबूबरही थाने में पदस्थापित एएसआई चंदमोहन सिंह का इलाके की एक महिला के साथ कथित अवैध संबंध होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीती रात एएसआई महिला के घर पहुंचा था, जहां ग्रामीणों ने उसे आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से फायरिंग कर दी। पढ़ें पूरी खबर………..

एसपी आवास के बाहर धरने पर बैठीं IPS की पत्नी

खगड़िया जिले के एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक और घरेलू विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अपनी 6 साल की बेटी से मिलने और पति के साथ दोबारा हंसी-खुशी घर बसाने की मांग को लेकर पूजा सिंह अब सीधे खगड़िया स्थित एसपी आवास के बाहर धरने पर बैठ गई हैं। महज तीन दिनों के भीतर उनका यह दूसरा धरना है, जिसने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। इससे पहले 1 नवंबर को पूजा सिंह ने न्याय और बेटी से मिलवाने की गुहार लगाते हुए पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। पढ़ें पूरी खबर…………….

 DPO रूबी कुमारी के ठिकानों पर EOU की छापेमारी

बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार की सुबह किशनगंज और कटिहार में सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। DPO और उनके पति पर आय से 87.49% अधिक यानी करीब 2.45 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। इस हाई-प्रोफाइल कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि रूबी कुमारी ने वर्ष 2018 से 2025 के बीच महज 7 सालों में कटिहार में कुल 11 अलग-अलग जगहों पर जमीन की खरीद की है। इसके अलावा, कटिहार में 2 कट्ठा जमीन पर एक आलीशान 5 मंजिला मकान का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर……………..

बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं- सीएम सम्राट

दिल्ली दौरे के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार में क्राइम को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं है, कोई अपराधी नहीं है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। तेजस्वी ने कहा कि, बिहार में “𝐂𝐫𝐢𝐦𝐞” हो सकता है “अपराध” नहीं। मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात 𝟕 हत्याओं का आरोपी नमूना मोदी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री कह रहा है।  क्या नरेंद्र मोदी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है? पढ़ें पूरी खबर………….

जनता को जहर पिला रही कांग्रेस- मृत्युंजय तिवारी

भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। आज मंगलवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, कांग्रेस तो हिंदू विरोधी है ही, कांग्रेस पार्टी सनातन विरोधी, हिंदू विरोधी, मानसिकता, गरीब विरोधी मानसिकता से ही काम करती है, सिर्फ वोट के खातिर वो सेक्युलरिज्म की बात करती है। भाजपा नेता ने कहा कि, ये काली की धरती है और देवों के देव महादेव की धरती है, जिन्होंने जहर पिया और अमृत दूसरों को पिलाया, लेकिन ये कांग्रेस के लोग अमृत पीते हैं और जहर जनता को पिलाने का काम करते हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा उजागर हुआ है। पढ़ें पूरी खबर………………