कुंदन कुमार, पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास देश-विदेश घूमने और थाइलैंड जाने के लिए पर्याप्त समय रहता है, वे विदेश की धरती पर जाकर भारत विरोधी बयानबाजी भी करते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि उनके पास बिहार के स्थानीय नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए मात्र 10 मिनट का समय भी नहीं है।
शर्मा ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व का यही उदासीन रवैया और कार्यकर्ताओं के प्रति उपेक्षा का भाव इस बात का मुख्य कारण है कि आज पार्टी लगातार रसातल की ओर जा रही है। जब किसी दल का शीर्ष नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करना ही बंद कर देता है, तो संगठन का आधार कमजोर होना स्वाभाविक है। बिहार कांग्रेस के नेता लगातार अपनी उपेक्षा महसूस कर रहे हैं, जिससे पार्टी का जनाधार लगातार सिमट रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल परिवारवाद और विदेशी दौरों तक सीमित होकर रह गई है, जिसे जनता और कार्यकर्ता दोनों भली-भांति समझ चुके हैं।


