अनिल सक्सेना रायसेन। एमपी के रायसेन से भेरूंदा में आयोजित केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायसेन जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को बसों के जरिए कार्यक्रम स्थल भेजा जा रहा था। इसी दौरान सांची क्षेत्र से रवाना हुई एक बस रास्ते में बिजली के खंभे से टकरा गई।
हादसे के दौरान बस में सवार एक युवक बिजली करंट की चपेट में आकर झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष शर्मा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को पहले सांची अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक घायल युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

