सत्या राजपूत, रायपुर। सावन के पवित्र महीने के बीच सोशल मीडिया पर आराध्य देवताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर भाजपा के नेता और पदाधिकारी देर रात सिविल लाइन थाना पहुंचे और संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। वहीं आक्रोशित बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अभद्र टिप्पणी पर अभद्र कमेंट करने वाले अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया है। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद हैं।

BJP नेताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर हंसराज गोयल ने आराध्य देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी वाला पोस्ट किया है। वहीं इस पोस्ट पर अरुण पन्नालाल ने अभद्र टिप्पणी की है। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

BJP प्रवक्ता अमित चिमननी ने कहा कि वर्तमान में सावन का पवित्र महीना चल रहा है। ऐसे समय में आराध्य देवताओं के खिलाफ इस तरह की अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई है। टिप्पणी इतनी आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक रूप से बोलना भी संभव नहीं है।

चिमननी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए BJP नेता और पदाधिकारी रात में ही थाने पहुंचे हैं, ताकि पुलिस तत्काल मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई करें। BJP नेताओं ने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट और उस पर की गई टिप्पणियों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m