प्रतीक पटनायक, धमतरी। जिले में भालू के हमले से दो ग्रामीण घायल हुए हैं। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाया, फिर दोनों ग्रामीणों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पूरा मामला मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत वन परिक्षेत्र उत्तर सिंगपुर के परसाबुडा गांव का है। बता दें कि आज ही कांकेर जिले में भाूल के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हुई है। इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि परसाबुडा गांव के कुंआनार जंगल में आज सुबह करीब 5 बजे दो ग्रामीण अलग-अलग समय पर जंगल में मशरूम की तलाश के लिए गए हुए थे। इस दौरान जंगल में पहले से मौजूद भालू ने अचानक दोनों पर बारी-बारी से हमला कर दिया।

भालू के हमले से दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए और जमीन पर गिर पड़े। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को वहां से भगाया। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल मगरलोड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज जारी है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

कांकेर में भालू के हमले से दो ग्रामीणों की मौत

बता दें कि आज ही कांकेर जिले के मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में भालू के हमले से दो लोगों की मौत हुई है। वहीं एक ग्रामीण घायल है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी समय रहते वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मादा भालू की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। गांव के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m